कटिहार के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सोमवार से सप्लीमेंट्री ईवन सेमेस्टर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में शुरू हो गई. यह परीक्षा 13 जुलाई से 23 जुलाई तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा में 22 कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं.
दो पालियों में हो रही परीक्षा
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ई. रवि कुमार ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है.
पहले दिन पहली पाली में 561 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि दूसरी पाली में 457 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी.
मुख्यद्वार पर जांच के बाद ही प्रवेश
परीक्षार्थियों को मुख्यद्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है.
कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा
प्राचार्य डॉ. ई. रवि कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है. परीक्षा संचालन में परीक्षा नियंत्रक ई. अभिषेक कुमार के साथ ई. मनीष मानव, बिजेंद्र कुमार, कुंदन कुमार और सुमित कुमार सहयोग कर रहे हैं.
कॉलेज प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, सख्त जांच व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके.
और पढ़ें : कटिहार के 2,593 स्कूलों में लगेंगे 1.81 लाख पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान शुरू
