सरकारी जमीन पर निर्माण रोकने का आदेश, जल निकासी बाधित होने की शिकायत पर सीओ की कार्रवाई

कटिहार के बरारी में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रोका गया है. ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जल निकासी बाधित करने वालों को नोटिस जारी किया है.

Katihar Encroachment Action: बरारी (कटिहार). बरारी अंचल के बिसनपुर पंचायत स्थित गुंजरा गांव में बिहार सरकार की भूमि पर कथित अवैध निर्माण और जल निकासी बाधित किए जाने के मामले में अंचल प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. अंचलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी से स्थलीय जांच कराई गई, जिसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया.

ग्रामीणों ने की थी शिकायत

बिसनपुर पंचायत के वार्ड संख्या-7 चंदन नगर निवासी नरसिंह साह और राजा कुमार सहित जयप्रकाश यादव, प्रकाश कुमार, वार्ड सदस्य उदय कुमार, रघुनंदन तथा अन्य ग्रामीणों ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि बाढ़ प्रभावित विस्थापित परिवारों के लिए अर्जित बिहार सरकार की भूमि पर पक्का भवन निर्माण किया जा रहा है. उनका कहना था कि निर्माण मुख्य सड़क पर बने जल निकासी कलवर्ट के सामने हो रहा है, जिससे पानी की निकासी प्रभावित होगी.

स्थलीय जांच के बाद जारी हुआ नोटिस

शिकायत मिलने के बाद अंचलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी ने स्थल का निरीक्षण किया. जांच प्रतिवेदन के आधार पर अंचल कार्यालय ने दोनों कथित निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी कर सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया.

कलवर्ट अवरुद्ध नहीं होने देने के निर्देश

नोटिस में कहा गया है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बने कलवर्ट और जल निकासी मार्ग को अवरुद्ध कर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जाए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र बाढ़ और जल निकासी की दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

थाना को भी दिए गए निर्देश

Katihar Encroachment Action: अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने बरारी थानाध्यक्ष को निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है. प्रशासन का कहना है कि आम लोगों के आवागमन और जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >