केवी मानविकी संकाय में 97 प्रतिशत अंक के साथ साक्षी बनी विद्यालय टॉपर

केवी मानविकी संकाय में 97 प्रतिशत अंक के साथ साक्षी बनी विद्यालय टॉपर

कटिहार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कटिहार का कक्षा 12वीं में शत-प्रतिशत परिणाम आने पर शिक्षकों व छात्र-छात्राओं में हर्ष व्याप्त है. सीबीएसई की ओर से बुधवार को 12 वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया. 100 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है. प्राचार्य असद अली खान के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विद्यालय निरंतर शैक्षणिक उपलब्धियों के नये आयाम स्थापित कर रहा है. प्राचार्य ने इस उत्कृष्ट परिणाम पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, समर्पण तथा विद्यार्थियों के अनुशासित प्रयासों का प्रतिफल है. विद्यालय के सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों के कारण विद्यालय निरंतर उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है. विद्यालय की ओर से जानकारी दी गयी कि विज्ञान संकाय में स्वीटी कुमारी ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है. ईशा कुमारी ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा अभिषेक साह ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया. वाणिज्य संकाय में स्निग्धा रॉय ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया. प्रिंस कुमार ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा नव्या प्रकाश ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया. विशेष उपलब्धि के रूप में स्निग्धा रॉय ने एप्लाइड मैथ्स में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया. मानविकी संकाय में साक्षी सिंह ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि विद्यालय की टॉपर भी रहीं. अदिति कुमारी ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा पल्लवी कुमारी ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया. विद्यालय की इस उल्लेखनीय सफलता पर अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >