कटिहार. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने जुलाई माह के दौरान कटिहार सहित अपने विभिन्न रेल मंडलों में सघन टिकट जांच अभियान चलाकर बेटिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 76,989 यात्रियों को पकड़ा. इन यात्रियों से किराया और जुर्माने के रूप में कुल 10.95 करोड़ रुपये की वसूली की गई. रेलवे के अनुसार अभियान का उद्देश्य पारदर्शी टिकटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ बेटिकट यात्रा पर रोक लगाना और वैध टिकट वाले यात्रियों को बेहतर यात्रा माहौल उपलब्ध कराना है.
बिना टिकट यात्रा के 55,988 मामले सामने आए
जुलाई में पकड़े गए कुल 76,989 यात्रियों में 55,988 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए. इनसे किराया और अतिरिक्त शुल्क के रूप में 8.97 करोड़ रुपये वसूले गए. वहीं 21,001 यात्री अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते मिले, जिनसे 1.98 करोड़ रुपये की वसूली की गई. इसके अलावा माह के दौरान गैर-दंडात्मक मामलों से 67.89 लाख रुपये तथा सामान की जांच के मामलों में 1.38 लाख रुपये की वसूली हुई.
313 सघन टिकट जांच अभियान चलाए गए
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार जुलाई में पूरे जोन में 313 सघन टिकट जांच अभियान चलाए गए. इसके अलावा टिकट जांच कर्मचारियों ने 2,344 ट्रेनों में जांच की. रेलवे का कहना है कि इन अभियानों का उद्देश्य बेटिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के साथ यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है.
अप्रैल से जुलाई तक 4.14 लाख मामले पकड़े गए
वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई तक पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा के कुल 4,14,796 मामले पकड़े हैं. इन मामलों में किराया और अतिरिक्त शुल्क के रूप में कुल 50.57 करोड़ रुपये की वसूली की गई है. रेलवे के वाणिज्यिक विभाग की ओर से टिकट संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है.
यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट और उचित यात्रा प्राधिकार के साथ ही यात्रा करें. रेलवे ने यात्रियों से अतिरिक्त सामान होने पर निर्धारित नियमों के अनुसार लगेज बुक कराने को भी कहा है. रेलवे के मुताबिक यात्रियों के सहयोग से सुरक्षित, पारदर्शी और आरामदायक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ रेल परिचालन की दक्षता और वित्तीय स्थिरता को भी मजबूत किया जा सकता है.
सीपीआरओ ने दी अभियान की जानकारी
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि टिकट जांच अभियान के माध्यम से अनधिकृत यात्रा करने वाले यात्रियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. रेलवे की ओर से स्टेशनों और ट्रेनों में टिकट जांच की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है.
