सड़क जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network

कटिहार: खनका सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, DS कॉलेज मोड़ पर NH-81 जाम कर जलाए टायर; एंबुलेंस को निकाला

कटिहार में NH-81 पर खनका जाने वाली सड़क के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी के विरोध में नागरिकों ने उग्र प्रदर्शन किया. लोगों ने टायर जलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया. यह जाम छह माह से अधूरी पड़ी सड़क और कीचड़ से परेशान आम जनता के गुस्से का नतीजा था.

कटिहार शहर में आधारभूत ढांचे की अनदेखी और विकास योजनाओं की कछुआ चाल से आजिज आकर आम जनता का सब्र आखिरकार जवाब दे गया. रविवार को डीएस कॉलेज मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-81 (NH-81) पर स्थानीय नागरिकों ने खनका जाने वाली सड़क के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने हाईवे को पूरी तरह बाधित कर बीच सड़क पर टायर जलाए और नगर निगम व संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस अचानक हुए चक्का जाम से दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया.

छह माह से अधूरी पड़ी है सड़क, कीचड़ से चलना मुहाल

प्रदर्शनकारी नागरिकों का कहना है कि खनका जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य बीते छह महीनों से कछुआ चाल से चल रहा है. संवेदक और विभागीय लापरवाही के चलते आज तक सड़क तैयार नहीं हो सकी. पूरे मार्ग में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभरे हुए हैं और कीचड़ पसरा रहता है. शनिवार की रात हुई भारी बारिश के बाद तो मार्ग पर भारी जलजमाव हो गया, जिसने राहगीरों, स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों और गंभीर मरीजों की आवाजाही पूरी तरह दूभर कर दी.

एनएच-81 पर थमे पहिए, प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को दिया रास्ता

हाईवे जाम होने की वजह से दोनों दिशाओं में छोटे-बड़े व्यावसायिक, यात्री और निजी वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. भीषण उमस में यात्री घंटों हलकान रहे. जाम के बीच एक आपातकालीन एंबुलेंस भी फंस गई थी, लेकिन प्रदर्शन कर रहे स्थानीय नागरिकों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तत्काल रास्ता बनाकर एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला.

नगर निगम पर उपेक्षा का आरोप, पुलिस के समझाने पर खुला मार्ग

स्थानीय लोगों का खुला आरोप है कि सड़क की इस बदहाली को लेकर कई मर्तबा नगर निगम प्रशासन और संबंधित तकनीकी विभाग को आवेदन देकर गुहार लगाई गई, लेकिन किसी भी स्तर से कोई ठोस पहल नहीं की गई. सड़क पर उतरे लोगों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की. चक्का जाम की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की. विभागीय अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई कराने का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही नागरिकों ने जाम हटाया, जिसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >