Katihar Liquor Smuggling: बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए कटिहार पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी में बारसोई मद्य निषेध थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 30 लीटर अवैध शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
श्री पोटल रोड से चुलाई शराब के साथ पहला तस्कर गिरफ्तार
मद्य निषेध थाना पुलिस की पहली कार्रवाई बलरामपुर थाना क्षेत्र के श्री पोटल रोड पर हुई. यहां छापेमारी के दौरान 12 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ मनोज परिहार (46) को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपित बलरामपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव का निवासी है. पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया.
लोहागढ़ा में विदेशी शराब और अपाचे बाइक बरामद
दूसरी कार्रवाई बारसोई के लोहागढ़ा क्षेत्र में की गई. यहां पुलिस ने 17.85 लीटर विदेशी शराब (आईएमएफएल) के साथ सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया. आरोपित पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र के दोरिया गांव का रहने वाला है. इस दौरान शराब की तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई.
Katihar Liquor Smuggling: शराब तस्करों पर लगातार जारी रहेगा अभियान
बारसोई मद्य निषेध थाना निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
