बारिश थमने के बाद भी रातभर गुल रही बिजली, हुई परेशानी

मंगलवार की रात एक बार फिर हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी में डाल दिया. रात करीब 8:30 बजे हुई बारिश के साथ ही पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई. हालांकि बारिश बंद होने के लगभग एक घंटे बाद बिजली बहाल की गई.

उमस भरी गर्मी में परेशान रहे बारसोई के लोग

मामूली बारिश में चरमराई विद्युत व्यवस्था, विभागीय कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

कटिहार के बारसोई से रिपोर्ट,

बारसोई की बदहाल बिजली व्यवस्था ने मंगलवार की रात एक बार फिर हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी में डाल दिया. रात करीब 8:30 बजे हुई बारिश के साथ ही पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई. हालांकि बारिश बंद होने के लगभग एक घंटे बाद बिजली बहाल की गई. लेकिन यह राहत कुछ ही क्षणों की साबित हुई. बिजली आते ही फिर कट गई और उसके बाद पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी. इससे भीषण उमस और गर्मी के बीच लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारसोई में अब हल्की बारिश या तेज हवा का मतलब घंटों बिजली गुल होना बन गया है.

आपूर्ति शुरू नहीं होने से लोगाें में आक्रोश

मंगलवार की रात भी बारिश समाप्त होने के काफी देर बाद तक बिजली बहाल नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी देखी गई. उपभोक्ताओं का आरोप है कि हर बार तकनीकी खराबी का हवाला देकर विभाग अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करता है. समस्या की जड़ कमजोर रखरखाव और लचर निगरानी व्यवस्था है. रातभर बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा. उमस भरी गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए. कई इलाकों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई. जबकि मोबाइल चार्जिंग, इंटरनेट सेवा और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित रहे. पिछले कुछ दिनों से बारसोई में लगातार बिजली संकट बना हुआ है. कभी सात-सात घंटे की कटौती, कभी ट्रांसफार्मर में खराबी तो कभी एक फेज की आपूर्ति घंटों बाधित रहने की घटनाओं से उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब देने लगा है.

मामूली मौसम परिवर्तन में भी ठप हो जाती है आपूर्ति

कोई ठोस सुधार नहीं दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों ने कहा कि बारसोई विद्युत प्रमंडल के अधिकारियों को सिर्फ शिकायत मिलने के बाद सक्रिय होने के बजाय व्यवस्था को पहले से दुरुस्त रखने की दिशा में काम करना चाहिए. लोगों का आरोप है कि नियमित निरीक्षण और समय पर रखरखाव के अभाव में मामूली मौसम परिवर्तन भी बिजली व्यवस्था को ठप कर देता है. उपभोक्ताओं ने बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के वरीय अधिकारियों एवं ऊर्जा विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. लोगों ने कहा कि बारसोई की बिजली व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि मामूली बारिश के बाद पूरी रात लोगों को अंधेरे में न रहना पड़े.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >