नवरात्र शुरू होते ही गेड़ाबाड़ी में जाम से राहगीर व व्यवसायी परेशान

नवरात्र की शुरुआत होते ही कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है.

सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने से प्रतिदिन घंटों लग रहा जाम

कोढ़ा. नवरात्र की शुरुआत होते ही कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है. पूजा सामग्री से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी, लेकिन श्रद्धालुओं व ग्रामीणों को इस बार भी राहत नहीं मिल पायी. कारण साफ है मुख्य बाजार के बीचों बीच फैला अतिक्रमण, जिसने सड़क व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है. दूर-दराज समेत आसपास के गांवों से आए लोग पूजा की सामग्री खरीदने बाजार पहुंचे, लेकिन सड़क किनारे किये गये कब्जे और ठेले-गुमटियों के कारण घंटों जाम में फंसे रहे. श्रद्धालुओं का कहना है कि नवरात्र जैसे बड़े पर्व पर भी प्रशासन बाजार को सुगम नहीं बना पा रहा, तो आम दिनों में स्थिति और खराब रहती होगी. स्थिति और गंभीर तब हो जाती है जब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ही अतिक्रमण करने से पीछे नहीं हटते. मुख्य बाजार में मुख्य पार्षद की ओर से सड़क किनारे दही-दूध और लस्सी की दुकान चल रही है. यह दुकान भी सीधे सड़क की जमीन पर कब्जा कर बनायी गयी है, जिससे आवाजाही बाधित हो रही है.

इस मामले में जब मुख्य पार्षद से सवाल किया गया तो उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण सिर्फ जाम ही नहीं, बल्कि हादसों का खतरा भी लगातार बना रहता है. बीते वर्षों में दुर्गा पूजा के दौरान इसी तरह की स्थिति से हुए सड़क हादसे में कई लोगों की जान जा चुकी है. बावजूद इसके, अब तक नगर प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी पुष्कर कुमार पुष्प ने कहा कि अगर मुख्य पार्षद की दुकान भी अतिक्रमण में है, तो हम कार्रवाई करेंगे. ग्रामीणों ने नगर प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई हो, ताकि श्रद्धालु और आमलोग जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से मुक्त होकर शांति से त्योहार मना सकें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >