– बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा कटिहार बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से बुधवार को पुलिस अवर निरीक्षक पद के लिए रिक्ति के विरुद्ध संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गयी. यह परीक्षा शहर के 10 केंद्रों पर आयोजित की गयी. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बलों के साथ दंडाधिकारी की तैनाती की गयी थी. साथ ही परीक्षा केंद्र के बाहरी परिसर में वीडियोग्राफी कराने की भी व्यवस्था था. आयोग के मार्गदर्शिका के आलोक में स्वच्छ, शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए उड़नदस्ता भी विभिन्न केंद्रों का जायजा लिया. सभी परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में 8064 परीक्षार्थी सम्मिलित होना था. पर 6303 परीक्षार्थी इस परीक्षा में सम्मिलित हुए. इस परीक्षा में 1761 परीक्षार्थियों ने दिलचस्पी नहीं ली. दो पालियों में यह परीक्षा ली गयी है. शहर के 10 परीक्षा केंद्र में प्रथम पाली में 4032 परीक्षार्थी की जगह 3111 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए. इस पाली में 921 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. जबकि दूसरी पाली में भी 4032 परीक्षार्थी को सम्मिलित होना था. लेकिन 3192 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए. दूसरी पाली में 831 अभ्यर्थी अनुपस्थित थे. ऐसे परीक्षार्थियों ने कहा कि करेंट अफेयर्स सहित अन्य सवाल को सॉल्व कर दिया है. उन्हें उम्मीद है कि सफलता जरूर मिलेगी. शहर के इन 10 केंद्रों पर हुई परीक्षा परीक्षा को लेकर शहरी क्षेत्र में 10 केंद्र बनाये गये थे. रविवार को यह परीक्षा दो पालियों में ली गयी. प्रथम पाली के परीक्षा का संचालन 10:00 पूर्वाह्न से दोपहर 12:00 बजे तक होगी. जबकि दूसरी पाली के परीक्षा का संचालन 2:30 बजे अपराहन से 4:30 बजे अपराह्न तक होगी. दोनों पालियों में अलग-अलग परीक्षार्थी शामिल हुए तथा दोनों पालियों के प्रश्न पत्र भी अलग अलग था. जिन केंद्रों पर परीक्षा ली गयी. उनमें शहर के डीएस कॉलेज, सुर तुलसी इंटर कॉलेज, केबी झा कॉलेज, एमजेएम महिला कॉलेज, सीमांचल माइनोरिटी बीएड कॉलेज, स्कॉटिश पब्लिक स्कूल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाई अड्डा, न्यू पैटर्न इंटरनेशनल स्कूल हाजीपुर व मध्य विद्यालय सिरसा (एससी) शामिल है. अधिकारी भी रहे सक्रिय स्वच्छ व कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को लेकर सभी 10 केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बलों की तैनाती की गयी थी. कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल की टीम के द्वारा नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया. जिससे परीक्षा का माहौल सख्त बना रहा और नकल करने वालों की एक न चली. परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सदर एसडीओ, एसडीपीओ सहित अन्य स्थानीय अधिकारियों की ओर से निगरानी की जाती रही. शहर में रही चहल-पहल परीक्षा को लेकर शहर में चहल पहल अधिक रही. शहर के प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. परीक्षार्थी की आवाजाही की वजह से शहीद चौक, मंगल बाजार, बड़ा बाजार, सदर अस्पताल रोड, एमजी रोड, मिरचाईबाड़ी, न्यू मार्केट रोड सहित विभिन्न पथों तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि में अन्य दिनों की तुलना में अधिक चहल पहल देखी गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
