मिशन एडमिशन: इंटर में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ

मिशन एडमिशन: इंटर में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ

– 18 अप्रैल तक छात्र छात्राएं कर सकते है आवेदन कटिहार इंटरमीडिएट 2026-28 सत्र के लिए नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गयी. छात्र- छात्राएं बिहार बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटओएफएसएसबिहार डॉट एनईटी पर 18 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे. छात्र एक साथ न्यूनतम 10 व अधिकतम 20 उच्च माध्यमिक विद्यालयों का विकल्प दे सकते है. उल्लेखनीय है कि 2018 से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर में एडमिशन को लेकर इस तरह की व्यवस्था की है. इस बार भी इंटर में नामांकन ऑनलाइन प्रक्रिया से ही होगी. दाखिले के लिए स्कूल की सूची ओएफएसएस वेबसाइट पर बोर्ड ने अपलोड किया है. कटिहार जिले में कुल करीब 260 शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राएं इंटर में नामांकन ले सकते है. इंटर में नामांकन सभी सरकारी व मान्यताप्राप्त उच्च माध्यमिक विद्यालय में लिया जायेगा. आवेदन करने के लिए छात्र को कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करना होगा. बोर्ड ने इंटरमीडिएट में एडमिशन के लिए कॉमन प्रॉस्पेक्ट्स पहले ही जारी कर दिया है. छात्र एडमिशन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. छात्र आवेदन से पहले अपना रोल नंबर, जन्मतिथि, मार्कशीट, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी तैयार रखें. बोर्ड के अनुसार 11वीं में नामांकन के लिए चयन मेरिट के आधार पर होगा. यानी 10वीं या मैट्रिक में मिले मार्क्स के आधार पर सेलेक्शन किया जायेगा. बिहार बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूल अपने-अपने कट-ऑफ जारी करेंगे. अगर उस कट-ऑफ में आते हैं तो एडमिशन होगा. सेलेक्शन लिस्ट के जरिये यह जानकारी दी जायेगी. आवेदन फॉर्म भरे जाने के बाद पहली सेलेक्शन लिस्ट जारी की जायेगी. छात्र छात्राओं को कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म भरने में किसी तरह की परेशानी न हो. इसके लिए बोर्ड ने हेल्प सेंटर भी बनाया है. 11वीं (इंटर) में एडमिशन के संबंध में किसी तरह की जानकारी प्राप्त करने के लिए बोर्ड कार्यालय की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर संपर्क कर सकते हैं. इंटर स्तरीय विद्यालय में ले सकेंगे नामांकन पिछले साल की तरह इस बार भी इंटर में नामांकन ऑनलाइन ही होगी. इसके लिए बीएसईबी ने ऑनलाइन फैसिलिटेशन सिस्टम फॉर स्टूडेंट यानी ओएफएसएस नामक एक सॉफ्टवेयर डेवलप किया है. इसी सॉफ्टवेयर के जरिये छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करेंगे. कटिहार जिले में विभिन्न स्तरों के करीब 260 इंटर स्तरीय माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राएं नामांकन ले सकेंगे. जिले के इंटर स्तरीय माध्यमिक विद्यालय में करीब 30000 सीट क्रमशः कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के लिए निर्धारित की गयी है. एकमात्र राजकीय इंटर स्तरीय विद्यालय कोढ़ा में कृषि संकाय की पढ़ाई होती है. इस विद्यालय में कृषि में नामांकन के लिए 40 सीट निर्धारित की गयी है. जबकि जिले के इंटर स्तरीय विद्यालयों में कला संकाय के लिए 40, विज्ञान संकाय के लिए 40 व कॉमर्स के लिए 40 सीट निर्धारित है. छात्र छात्राएं नामांकन के लिए न्यूनतम 10 व अधिकतम 20 इंटर स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों का विकल्प दे सकते है. ऐसे होगी आवेदन की प्रक्रिया ओएफएसएस की ऑफिशियल वेबसाइट के होम पेज पर मौजूद कॉमन एप्लिकेशन फॉर्म लिंक पर क्लिक करेंगे.अब यहां रोल नंबर, साल और जन्मतिथि जैसी जानकारियां भरें. अब पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो अपलोड करें. छात्र मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी वेरीफाई करके 350 रुपये आवेदन शुल्क चुकाएं. अब जिला चुनें और सबमिट बटन पर क्लिक कर दें. अब कॉलेज का नाम चुनें और सबमिट कर दें. अब सबमिट किये गये आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें. अपने पंचायत के विद्यालय में ले सकते है नामांकन पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी पंचायत स्तर पर उत्क्रमित किये गये उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राएं इंटर में दाखिला ले सकते है. यानी छात्र-छात्राएं अपने पंचायत में उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नामांकन के लिए ऑप्शन दे सकते है. स्थानीय शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार जिले के सभी पंचायतों में एक-एक उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की गयी है. इन विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2022-24 से इंटर में दाखिला लिया जा रहा है. इस बार भी कॉलेज में नहीं होगा दाखिला इस बार भी किसी अंगीभूत या संबद्धता प्राप्त डिग्री कॉलेज में इंटर का नामांकन नहीं लिया जा सकेगा. इसको लेकर शिक्षा विभाग ने फरवरी 2024 में ही दिशा निर्देश जारी कर दिया है. इसलिए छात्र-छात्राएं इस बार इंटर स्तरीय स्कूल में ही दाखिला ले सकेंगे. जानकारी के मुताबिक ओएफएसएस पोर्टल पर ऑप्शन के रूप में छात्र-छात्राओं को कॉलेज अंगीभूत या संबद्धता प्राप्त डिग्री कॉलेज का नाम नहीं मिल सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >