पारदर्षिता के साथ उपभोक्ताओं को एलपीजी उपलब्ध कराएं : डीएम
बैठक में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा
कटिहार. समाहरणालय स्थित एनआइसी सभागार में मंगलवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में एलपीजी सिलिंडर वितरक एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गयी. घरेलू गैस वितरक एजेंसी के प्रतिनिधियों को कड़ी हिदायत देते हुए डीएम ने कहा कि नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को सरल तरीके से सिलिंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. आंकड़ों के अनुसार कटिहार जिले में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत नहीं है. उन्होंने गैस वितरक एजेंसी के प्रतिनिधियों से यह भी कहा की कोशिश करें कि सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी ही गैस प्राप्त हो. गैस एजेंसी में भीड़ लगने की कोई जरूरत नहीं है. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि जिले के तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स है. इसमें कटिहार अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 10 प्रखंडों में 31 एजेंसी, बारसोई अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 04 प्रखंडों में 18 एजेंसी एवं मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 02 प्रखंडों में 05 एजेंसी के पास घरेलु उपभोक्ताओं के लिए मंगलवार को कुल 13697 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. सभी कंपनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा सोमवार को घरेलू गैस की बुकिंग 5919 के विरूद्ध 4704 गैस सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दी गयी है. साथ ही सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 889 व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध है. उन्होंने बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत कार्यरत एजेंसियों की मांग के अनुरूप कंपनियों से प्राप्त डाटा के अनुसार मंगलवार को कुल 7447 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिससे सम्पूर्ण प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स से संबंधित एलपीजी उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार आसानी से गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. बैठक में अपर समाहर्ता बिनोद कुमार, एसडीएम प्रद्युम्न सिंह यादव सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.