– आग लगने से मची अफरा-तफरी मनसाही थाना क्षेत्र के हरिप्रसाद गांव में मंगलवार की देर रात करीब एक बजे 11 हजार वोल्ट का हाइटेंशन तार टूटकर रिहायशी इलाके में गिर गया. तार गिरते ही चिंगारी से आग भड़क उठी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. गनीमत रही कि भीषण गर्मी के कारण कई ग्रामीण उस वक्त जाग रहे थे. आग की लपटें देखते ही लोगों ने शोर मचाकर सभी को जगाया और जान बचाकर घरों से बाहर भागे. रात के अंधेरे में भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी. लेकिन किसी की जान नहीं गयी. बड़ी आबादी पर मंडरा रहा मौत का साया ग्रामीणों के अनुसार, हरिप्रसाद गांव में करीब दो दर्जन परिवारों के घरों के ठीक ऊपर से 11 हजार उच्च क्षमता का हाइटेंशन लाइन गुजरती है. जिस स्थान पर तार गिरा, उसके 50 मीटर के दायरे में लगभग 200 लोग रहते हैं. लोग इसे चमत्कार ही मान रहे हैं कि आग ने विकराल रूप नहीं लिया. शिकायतों के बावजूद विभाग मौन स्थानीय निवासी रमेश यादव बताते हैं, हम पिछले तीन साल से बिजली विभाग के चक्कर काट रहे हैं. लिखित आवेदन भी दिए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला. हम हर रात डर के साये में सोते हैं कि कब तार टूटकर जान न लें. प्रशासन से कार्रवाई की मांग घटना के बाद से गांव में दहशत है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी से मांग की है कि हाइटेंशन लाइन को तुरंत आबादी क्षेत्र से हटाकर खेतों के रास्ते डायवर्ट किया जाय. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वे मनसाही थाना का घेराव करेंगे.
हरिप्रसाद गांव में टला बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिरा
हरिप्रसाद गांव में टला बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिरा
