Katihar News : पत्नी के जाने के गम में युवक ने लगायी फांसी, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र में पत्नी के प्रेमी संग फरार हो जाने के सदमे में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.

हसनगंज, कटिहार से विजय गुप्ता की रिपोर्ट :

कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी के प्रेमी संग फरार हो जाने के सदमे में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया. परिजनों के अनुसार युवक पिछले दो महीनों से गहरे तनाव और डिप्रेशन में था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पत्नी के जाने के बाद टूट गया था युवक

मृतक की पहचान शेखटोला निवासी 31 वर्षीय मो ताहिर के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि ताहिर अपनी पत्नी और परिवार के साथ बेंगलुरु में रहकर काम करता था. वहीं गांव का ही रहने वाला मो महताब उर्फ पिंटू सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था.

बताया जा रहा है कि इसी दौरान ताहिर की पत्नी और महताब के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया. करीब दो महीने पहले महताब, ताहिर की पत्नी को जेवरात समेत लेकर फरार हो गया था.

पत्नी को वापस लाने की कोशिश रही नाकाम

परिजनों के अनुसार पत्नी के चले जाने के बाद से ताहिर काफी परेशान रहने लगा था. वह कई बार पत्नी को वापस लाने के लिए महताब के घर भी गया, लेकिन वहां से उसे डांटकर भगा दिया गया.

लगातार मानसिक तनाव में रहने के कारण वह डिप्रेशन में चला गया था. गुरुवार देर रात उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

सुबह खुला दरवाजा तो सामने आया दर्दनाक दृश्य

शुक्रवार सुबह जब ताहिर देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ. दरवाजा खोलने पर उसका शव फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

सूचना मिलने पर रौतारा थाना अध्यक्ष लालसार बिंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया.

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

थानाध्यक्ष लालसार बिंद ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. वहीं मृतक के तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >