कटिहार : लायंस क्लब ऑफ कटिहार की ओर से बुधवार को सार्वजनिक श्री दुर्गा मंदिर, दुर्गास्थान परिसर में कांवरिया सेवा शिविर के तहत निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाया गया. दोपहर 3 बजे से शुरू हुए शिविर में लंबी पदयात्रा कर रहे कांवरियों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई.
थके कांवरियों को मिला प्राथमिक उपचार
लंबी दूरी की यात्रा के कारण थकान, पैरों में छाले और दर्द से परेशान श्रद्धालुओं की जांच कर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. कांवरियों को दर्द निवारक दवाएं और मलहम भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिविर पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया.
मानव सेवा को बताया मुख्य ध्येय
क्लब के अध्यक्ष लायन लक्ष्मी गुप्ता और सचिव लायन नरेश चौधरी ने कहा कि मानव सेवा ही लायंस क्लब का मुख्य ध्येय है. धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सेवा करना क्लब के लिए गौरव की बात है.
कमेटी चेयरपर्सन लायन अपर्णा जायसवाल ने कहा कि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए लंबी पदयात्रा कर रहे कांवरियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से शिविर लगाया गया है. उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है. शिविर में चिकित्सा सुविधा मिलने पर श्रद्धालुओं ने क्लब के सेवा कार्य की सराहना की.
