– बालश्रम टास्क फोर्स व डीसीपीयू की बैठक में विभिन्न कार्यो की समीक्षा कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला बाल श्रम निषेध टास्क फोर्स व जिला बाल बाल संरक्षण इकाई से संचालित योजनाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बालश्रम से विमुक्त कराये गये बालकों की समीक्षा के क्रम में डीएम ने श्रम अधीक्षक को निर्देश दिया कि होटल, ढाबों, दुकानों, ईंट भट्ठों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले बच्चों को विशेष अभियान चलाकर रेस्क्यू करना सुनिश्चित करें. सरकार द्वारा अनुमान्य राहत की राशि ससमय बच्चों को मिले. यह भी सुनिश्चित करें. इसके लिए ससमय सभी लाभुकों का खाता खोलने की दिशा में पहल करें. बालश्रम से विमुक्त कराये गये ऐसे बच्चे जिनकी आयु 14 वर्ष से कम है. वैसे बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी को दिया. श्रम अधीक्षक पीटर मिंज को निर्देश दिया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी को ऐसे बच्चों की सुस्पष्ट सूची उपलब्ध करायें. ऐसे बच्चों को पुनर्वासित किये जाने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया. श्रम अधीक्षक को निर्देश दिया कि ऐसे बच्चों के परिवार को राशन कार्ड, भूमि, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधा आदि से जोड़ने के लिए सभी विभागों से व्यक्तिगत रूप से समन्वय स्थापित करें. किसी भी समस्या की स्थिति में जिला पदाधिकारी को तत्काल अवगत करायें. अनाथ बच्चों को परवरिश योजना से जोड़े बिहार सरकार द्वारा संचालित अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के लिए परवरिश योजना की समीक्षा के क्रम में डीएम ने जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक एवं सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अनाथ एवं बेसहारा बच्चों को परवरिश योजना से आच्छादित किया जाय. जिले में हुए नन्यूजअनाथ बच्चों के सर्वे में योग्य पाये गये बच्चों को परवरिश योजना से जोड़ने एवं विद्यालय में नामांकन कराने का भी निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त बाल गृह, बालिका गृह के बच्चे, बच्चियों का यथाशीघ्र पुनर्वासन के लिए बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य को निर्देशित किया. पॉक्सो पीड़िता को सीडब्ल्यू सी में उपस्थापित करें साथ ही बैठक में पॉक्सो पीड़िता बच्चियों को बाल कल्याण समिति में उपस्थापित कराने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया. ताकि उनको सभी सरकारी लाभ व सपोर्ट पर्सन मुहैया कराया जा सके. वृहद आश्रय गृह के बच्चों के आधार कार्ड निर्गत करने के लिए मासिक कैंप लगाने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त अमित कुमार, कटिहार, जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रवि शंकर तिवारी, प्रभारी पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा अभिषेक किशोर, श्रम अधीक्षक पिटर मिंज एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
ईटभट्टा, ढाब व होटल से बालश्रमिक को मुक्त कराने के लिए प्रभावी अभियान चलाएं: डीएम
ईटभट्टा, ढाब व होटल से बालश्रमिक को मुक्त कराने के लिए प्रभावी अभियान चलाएं: डीएम
