चलती ट्रेन से गिरकर 22 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने मोबाइल छीनने के प्रयास में मारपीट का लगाया आरोप

ट्रेन से गिरकर 22 वर्षीय युवक की मौत मामले में परिजनों ने फोन छीनने और हमले का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

कटिहार. नगर थाना क्षेत्र के टियर पाड़ा के समीप रविवार की रात चलती ट्रेन से गिरकर 22 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के कुम्हरी गांव निवासी सचिन कुमार ठाकुर के रूप में हुई है. सोमवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया.

बहन को समसी छोड़कर ट्रेन से लौट रहा था सचिन

परिजनों के अनुसार सचिन अपनी बहन को समसी छोड़ने के बाद ट्रेन से वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान ट्रेन टियर पाड़ा के समीप पहुंची. परिजनों का आरोप है कि ट्रेन में कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर सचिन का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया.

हाथ पर लाठी से वार करने का परिजनों ने लगाया आरोप

परिजनों का कहना है कि मोबाइल छीनने के प्रयास के दौरान सचिन के हाथ पर लाठी से वार किया गया. आरोप है कि वार के बाद उसके हाथ से मोबाइल छूटने लगा. मोबाइल को पकड़ने के प्रयास में सचिन चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गयी.

घटना के बाद घर में मचा कोहराम

सचिन की मौत की खबर मिलते ही कुम्हरी गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि सचिन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

परिजनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और गंभीरता से जांच करने की मांग की है. परिजनों का कहना है कि यदि मोबाइल छीनने के प्रयास और मारपीट की बात जांच में सही पायी जाती है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.

पुलिस ने कहा, सभी पहलुओं की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. युवक ट्रेन से किन परिस्थितियों में गिरा, इसको लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है. पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा.

Also Read : बाढ़ के बीच दानापुर दियारा में जंगली सुअर का आतंक, महिला समेत दो पर हमला, ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राणा प्रताप सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >