कटिहार. पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना. जनसुनवाई में थाना में मामला दर्ज नहीं करने, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, घरेलू विवाद सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए.
एसपी ने प्रत्येक मामले की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है. जनसुनवाई के दौरान फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया. साथ ही संबंधित थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को शिकायतों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
पुलिस लाइन का निरीक्षण, अनुशासन पर दिया जोर
पुलिस लाइन में आयोजित लाइन डे के अवसर पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने परेड का जायजा लिया तथा जवानों के टर्नआउट, अनुशासन, वर्दी, शस्त्रों की स्थिति और पुलिस लाइन की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया. एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन, समयपालन और कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई, बैरक, मेस, शस्त्रागार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण तथा लाइन डे का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने और किसी भी प्रकार की कमी को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया गया.
ALSO READ : नितिन नवीन वाली सीट बांकीपुर से अभिषेक कुमार होंगे BJP उम्मीदवार, पार्टी ने किया नाम का ऐलान
