कटिहार में चलती ट्रेन में महिला को उठा प्रसव दर्द, RPF जवानों ने कराई सुरक्षित डिलीवरी

Katihar Railway News : कटिहार में प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला की RPF ने बचाई जान, प्लेटफॉर्म पर गूंजी नवजात की किलकारी

Katihar Railway News : कटिहार से नीरज की रिपोर्ट. कटिहार रेलवे स्टेशन पर रविवार रात इंसानियत और तत्परता की अनोखी मिसाल देखने को मिली. मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. स्थिति गंभीर होते देख महिला आरपीएफ कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और रेलवे डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही सुरक्षित प्रसव कराकर मां और नवजात बच्ची की जान बचा ली.

ट्रेन में अचानक बिगड़ी महिला की तबीयत

जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय साकिरा खातून अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 15945 मुंबई एलटीटी-डीबीआरजी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी. वह कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र की रहने वाली है. रविवार रात ट्रेन जब कटिहार स्टेशन पहुंची, तभी उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई.

महिला RPF जवानों ने दिखाई सूझबूझ

उस समय कटिहार प्लेटफॉर्म पर एलएसआई मुक्ति शील ड्यूटी पर मौजूद थीं. महिला यात्री की हालत गंभीर देख उन्होंने तुरंत एलसीटी केएम विमलेश को सूचना दी और रेलवे कंट्रोल को मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी दी. डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही महिला आरपीएफ कर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी संभाली.

प्लेटफॉर्म पर कराया सुरक्षित प्रसव

आरपीएफ जवानों ने प्रसूता को ट्रेन से सुरक्षित उतारा और प्राथमिक चिकित्सा सहायता देते हुए प्रसव प्रक्रिया को संभाला. उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से महिला ने बिना किसी जटिलता के एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने महिला जवानों की सराहना की.

डॉक्टर ने मां और बच्ची को बताया सुरक्षित

कुछ ही देर बाद रेलवे डॉक्टर मौके पर पहुंचे और मां व नवजात बच्ची की जांच की. डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति सामान्य और सुरक्षित बताई. आवश्यक उपचार और देखभाल के बाद जच्चा-बच्चा को आगे के इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया गया.

लोगों ने की RPF की तारीफ

इस पूरी घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने महिला आरपीएफ जवानों की जमकर तारीफ की. लोगों ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से मां और बच्ची दोनों की जान बच गई.

Also Read: भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने वाली पार्टी : सम्राट चौधरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >