बलिया बेलौन (कटिहार) से साकिब यजदानी की रिपोर्ट
Katihar News : बलिया बेलौन थाना पुलिस ने मंगलवार की रात गश्ती के दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात होने से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस ने रसलपुर के समीप छापेमारी कर तीनों आरोपितों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, नौ एमएम के दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई.
थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक रसलपुर के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही आरोपित भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया.
पुलिस ने जब्त की बाइक
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान सचिव कुमार राय (20), पिता हेमंत राय, निवासी बड़ाबाद भर्री, भूषण कर्मकार (18), पिता दिलीप कर्मकार, निवासी बरैया तथा आरिफ (22), पिता जमशेद, निवासी भर्री ददनाखेड़ा, तीनों थाना कदवा क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान सचिव कुमार राय के पास से एक देसी पिस्टल और नौ एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इसके अलावा आरोपितों की बाइक भी जब्त कर ली गई है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों के विरुद्ध बलिया बेलौन थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनके पूर्व के मामलों का सत्यापन कराया जा रहा है.
पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए कटिहार न्यायालय भेज दिया. थानाध्यक्ष ने कहा कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टालने में सफलता मिली है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे तथा उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
ALSO READ : पुरानी गाड़ी खरीद रहे हैं? पहले पढ़ लें पुलिस की ये चेतावनी, नहीं तो हो सकते हैं बड़ी ठगी के शिकार
