नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश, डीएम-एसपी बोले- शराब व ड्रग्स तस्करों पर करें कड़ी कार्रवाई

कटिहार में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए समीक्षा बैठक हुई. अवैध शराब और मादक पदार्थों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं.

Katihar NCORD Meeting: कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार की मौजूदगी में एनसीओआरडी (NCORD) की जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले में नशीले एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.

अवैध शराब और मादक पदार्थों पर सख्ती के निर्देश

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में की गई छापेमारी, जब्त अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण तथा संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई. डीएम ने उत्पाद विभाग और पुलिस को निर्देश दिया कि शराबबंदी कानून का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए. अवैध शराब के भंडारण, निर्माण, व्यापार और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए.

आईसीडीएस और जीविका चलाएंगे जागरूकता अभियान

Katihar NCORD Meeting: डीएम ने आईसीडीएस और जीविका से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए. लोगों को नशे से होने वाली सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया.

संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी निगरानी

पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सड़क मार्ग, रेल मार्ग और अन्य संभावित क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाया जाए, जहां से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका रहती है. उन्होंने विद्यालयों, कॉलेजों, राजेंद्र स्टेडियम, डीएस कॉलेज, अस्पताल परिसर, रेलवे ग्राउंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. साथ ही सरकारी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और शैक्षणिक संस्थानों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेलवे, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, डीएसपी यातायात, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा सहित कटिहार, बारसोई और मनिहारी के एसडीओ, एसडीपीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.

और पढ़ें : कटिहार के 2,593 स्कूलों में लगेंगे 1.81 लाख पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान शुरू


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सूरज कुमार गुप्ता पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया में एक्टिव है. वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत की. राजनीतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारिता करना इनकी रुचि में शामिल है. सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2007 में इन्हें भारत सरकार की ओर से तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया था.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >