पूर्णिया से कटिहार तक मक्के की बंपर डिमांड, मालभाड़े से रेलवे ने कमाए करोड़ों

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) माल ढुलाई में तेजी ला रहा है. कटिहार मंडल से मक्के के 43 रैक लोड किए गए, जिनसे रेलवे को 29.72 करोड़ रुपये का राजस्व मिला. इसके अतिरिक्त, सीमेंट, स्टोन चिप्स और पी.ओ.एल. के परिवहन से भी बड़ी कमाई हुई है.

कटिहार. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) ने अपने रेल नेटवर्क पर माल परिवहन को सुगम बनाने और माल राजस्व बढ़ाने के लिए ग्राहक अनुकूल कई कदम उठाए हैं. इन पहलों का उद्देश्य माल परिवहन की सुविधाओं को बेहतर बनाना, कार्गो परिवहन के लिए अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराना और रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को मजबूत करना है.

कटिहार मंडल से मक्के के 43 रैक लोड, 29.72 करोड़ रुपये का राजस्व

एनएफ रेलवे के अनुसार कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत पूर्णिया, रानीपतरा, अररिया, जलालगढ़, रहमतपुर, बथनाहा, सूर्यकमल, डालखोला और कटिहार से मक्के के कुल 43 रैक लोड किए गए. इससे रेलवे को 29.72 करोड़ रुपये का माल राजस्व प्राप्त हुआ. वहीं, अलीपुरद्वार मंडल के फालाकाटा से राणिबेन्नूर तक मक्के का एक रैक लोड किया गया, जिससे 0.74 करोड़ रुपये की आय हुई. इसी मंडल में तूफानगंज से जिरानिया तक चावल का एक रैक लोड किया गया, जिससे 0.29 करोड़ रुपये का माल राजस्व दर्ज हुआ.

सीमेंट के 1,921 और स्टोन चिप्स के 315 वैगन का परिवहन

लामडिंग मंडल में भी माल परिवहन के क्षेत्र में वृद्धि दर्ज की गयी है. यहां स्टोन चिप्स के कुल 315 वैगन बुक किए गए, जिनसे 1.37 करोड़ रुपये का माल राजस्व प्राप्त हुआ. इसके अलावा सीमेंट के 1,921 वैगन बुक किए गए, जिससे 9.06 करोड़ रुपये का माल राजस्व मिला. पेट्रोलियम, तेल और लुब्रिकेंट यानी पीओएल के 196 वैगन भी बुक किए गए, जिनसे 2.38 करोड़ रुपये का माल राजस्व हासिल हुआ.

खराहाट और न्यू मिसामारी स्टेशन पर बढ़ी माल परिवहन सुविधा

एनएफ रेलवे के अनुसार इन पहलों के तहत एक जुलाई से तिनसुकिया मंडल के खराहाट स्टेशन पर पीएससी स्लीपर के आवक परिवहन की हैंडलिंग शुरू की गयी है. इसी तरह 29 जुलाई से रंगिया मंडल के न्यू मिसामारी स्टेशन को आवक मिलिट्री ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है. इससे माल परिवहन की प्रक्रिया को आसान बनाने और कार्गो की कुशल आवाजाही में मदद मिलने की उम्मीद है.

रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने पर जोर

एनएफ रेलवे का कहना है कि विभिन्न प्रकार की सामग्रियों के परिवहन के लिए रेलवे के इस्तेमाल को बढ़ावा देने से माल परिवहन की दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ेगी. इससे क्षेत्रीय व्यापार, लॉजिस्टिक्स और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है. सीपीआरओ एनएफ रेलवे कपिंजल किशोर शर्मा ने कहा कि ये पहल माल परिवहन की सुविधाओं को बेहतर बनाने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर करने के लिए रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >