– एससीईआरटी निदेशक ने जारी किया दिशा निर्देश कटिहार सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत वर्ग दो से वर्ग आठ तक के सभी छात्र-छात्राओं का पुनरावृत्ति (रिवीजन) मूल्यांकन व परीक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी किया गया है. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक सज्जन आर ने जिला शिक्षा पदाधिकारी व प्रारम्भिक शिक्षा व समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि दिनांक 21-04-2025 से दिनांक 26-04-2025 तक भाषा की कक्षा में भाषा विषय हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू व संस्कृत के रीडिंग व पठन दक्षता की जांच की जायेगी. जिसके लिए अपठित गद्यांश ई-शिक्षा कोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराया जायेगा. परीक्षा अपने वर्ग कक्ष में ही ली जायेगी. शेष विषय की कक्षा यथावत संचालित रहेगी. निदेशक की ओर से जारी पत्र के अनुसार दिनांक 28-04-2025 को प्रथम पाली में कक्षा दो से आठ तक के छात्र-छात्राओं का मूल्यांकन किया जायेगा. जबकि दूसरी पाली में कक्षा चार से आठ के लिए पर्यावरण अध्धयन व विज्ञान का मूल्यांकन किया जायेगा. इसी तरह दिनांक 29-04-2025 को प्रथम पाली में कक्षा दो से आठ के लिए (श्रुति लेखन) हिन्दी व उर्दू के छात्र-छात्राओं का मूल्यांकन होगा. इसी दिन दूसरी पाली में कक्षा दो से आठ के लिए (श्रुति लेखन) संस्कृत व अहिन्दी भाषी के लिए राष्ट्रभाषा हिन्दी के छात्र छात्राओं का मूल्यांकन होगा. पत्र के अनुसार 30 अप्रैल को प्रथम पाली में कक्षा दो से आठ के लिए अंग्रेजी (श्रुति लेखन) मूल्यांकन होगा. प्रथम पाली का मूल्यांकन पूर्वाह्न 7:00 से 9:00 बजे तक होगा तथा द्वितीय पाली पूर्वाह्न 10.00 बजे से दिन के 12.00 बजे तक होगा. ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपलब्ध होगा प्रश्नपत्र एससीईआरटी के निदेशक की ओर से जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि यह रिवीजन जांच परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल के माध्यम से परीक्षा आरंभ होने से एक घंटा पूर्व उपलब्ध कराया जायेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वर्ग दो से आठ तक के छात्र-छात्राओं का रिवीजन जांच परीक्षा को लेकर कई तरह के निर्देश भी दिये गये है. सभी बच्चे तैयार होकर अपने कॉपी, पेंसिल, पेन इत्यादि लेकर यूनिफॉर्म में ही विद्यालय आयेंगे. पुनरावृत्ति परीक्षा में पिछली कक्षा के पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्न पूछे जायेंगे. संबंधित भाषा विषयों की पाठ्य पुस्तकों में अंकित गूढ़ एवं कठिन शब्दों को श्रुतिलेखन के लिए प्रयोग में लाया जाय. रिवीजन परीक्षा का मूल्यांकन विद्यालय अपने स्तर से कराना सुनिश्चित करेंगे. कक्षा एक का वर्ग संचालन नियमित रूप से होता रहेगा. परीक्षा की अवधि में पीएम पोषण योजना अन्तर्गत मध्याह्न भोजन के लिए निर्धारित समय (प्रातः 09:00 बजे से 09:40 बजे) तक बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
