भीषण अगलगी से पांच परिवार बेघर, चार मवेशियों की जलकर मौत

प्रखंड के आबादपुर थाना के मथुरापुर गांव में शुक्रवार की देर रात लगी भीषण आग ने पांच परिवारों को बेघर कर दिया

रातों-रात उजड़ा मथुरापुर, प्रशासन से त्वरित राहत की उठी मांग बारसोई. प्रखंड के आबादपुर थाना के मथुरापुर गांव में शुक्रवार की देर रात लगी भीषण आग ने पांच परिवारों को बेघर कर दिया. आग इतनी विकराल थी कि दमकल की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही पीड़ितों के घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, नगदी समेत जीवन-यापन का सारा सामान जलकर राख हो गया. ग्रामीणों ने तत्काल बाल्टी व संसाधनों के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया. बाद में दमकल की गाड़ी के पहुंचने पर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. घटना में चार मवेशियों की भी जलकर मौत हो गयी. जिससे पीड़ित परिवारों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति और अधिक दयनीय हो गयी है. अगलगी की चपेट में आये परिवारों में मालेका खातुन, जाकेरा खातुन, रफीना खातुन, यासीन, अनवारूल शामिल हैं. पीड़ितों के अनुसार आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल रहा. महिलाएं-बच्चे सदमे में दिखे. सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और क्षति का मुआयना किया. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गयी है. स्थानीय ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से त्वरित राहत, अस्थायी आवास, खाद्यान्न और पीने के पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है. ताकि अग्निपीड़ित परिवार इस संकट की घड़ी में राहत पा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >