रेलवे ने चलाया टिकट चेकिंग अभियान कटिहार शनिवार को कटिहार रेल मंडल अंतर्गत कटिहार स्टेशन एवं मनिहारी टर्मिनल पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान रेल प्रशासन द्वारा बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा एवं राजस्व हानि को रोकने के उद्देश्य से संचालित किया गया. अभियान का नेतृत्व मंडल वाणिज्य प्रबंधक संगीता मीना एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार ने किया. अभियान में टिकट जांच दल, वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई. अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों एवं स्टेशनों पर सघन जांच की गई. इसमें मुख्य वाणिज्य निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार, मुख्य चल टिकट निरीक्षक (प्रभारी) विनोद कुमार साह, मुख्य टिकट निरीक्षक रवि कुमार, सुखदेव पातर, केडी मंडल, सुमन कुमार सिन्हा, चल टिकट परीक्षक अनूप कुमार पासवान, मनीष कुमार सिंह एवं अमरेश कुमार, फुलो झा उर्फ चर्तुभुज झा सहित कुल 22 टीटीई तथा रेलवे सुरक्षा बल की सहायक उपनिरीक्षक श्रीमती नीता छेत्री के साथ 6 जवान मौजूद रहे. जांच के दौरान कुल 316 मामलों (बिना टिकट एवं अनियमित यात्री) का निपटारा किया गया, जिससे 1,75,560 का राजस्व अर्जित हुआ. यह कार्रवाई प्लेटफार्मों एवं कई ट्रेनों में की गई, जिनमें प्रमुख रूप से एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनें शामिल थीं. एक दर्जन से अधिक ट्रेनों में यात्रियों की टिकटों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई.रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा एवं दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके.रेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे रेल सेवाओं में पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके.
316 अवैध टिकट के मामलों में 1.75 लाख वसूला जुर्माना
316 अवैध टिकट के मामलों में 1.75 लाख वसूला जुर्माना
