सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन होने से पूर्व सैनिकों में हर्ष

कटिहार में सैनिक कल्याण कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही वर्षों से चली आ रही एक महत्वपूर्ण मांग पूरी हो गयी. अब कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया एवं आसपास के जिलों के पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न कल्याणकारी सेवाओं के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा

कटिहार से रिपोर्ट,

पूर्णिया प्रमंडल के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व सैनिक परिवारों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा. कटिहार में सैनिक कल्याण कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही वर्षों से चली आ रही एक महत्वपूर्ण मांग पूरी हो गयी. अब कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया एवं आसपास के जिलों के पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न कल्याणकारी सेवाओं के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. इस अवसर पर भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक एवं शिक्षाविद् जावेद आलम ने बिहार सरकार, सैनिक कल्याण निदेशालय, जिला प्रशासन तथा विशेष रूप से कटिहार जिला पदाधिकारी कार्यालय के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं आभार व्यक्त किया.

अब पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को मिलेगा सीधा लाभ

उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण कार्यालय की स्थापना से हजारों पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों को सीधा लाभ मिलेगा. पेंशन, ईसीएचएस, पुनर्वास, सरकारी योजनाओं तथा अन्य कल्याणकारी सुविधाओं तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुगम होगी. उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए भी विशेष गर्व का विषय है. क्योंकि एक ही परिवार में तीन भाइयों ने देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है. बड़े भाई एम सलाहुद्दीन ने भारतीय नौसेना में सेवा दी. तीसरे भाई जाकिर हुसैन भारतीय वायु सेना से ऑनरेरी फ्लाइंग ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए. स्वयं जावेद आलम ने भारतीय वायु सेना में सेवा देकर राष्ट्र की रक्षा में योगदान दिया. उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज सेवा का उनका संकल्प जारी है.

कार्यालय की स्थापना के लिए प्रयासरत सभी सहयोगियों को दी बधाई

वर्तमान में वह शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते हुए ग्रामीण एवं सीमांचल क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. सैनिक कल्याण कार्यालय की स्थापना के लिए प्रयासरत सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पूर्व सैनिक संगठनों एवं समाजसेवियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कार्यालय केवल एक प्रशासनिक केंद्र नहीं, बल्कि सैनिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण का प्रतीक है.

आशा व्यक्त की यह कार्यालय पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा सैनिक समुदाय और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा. अंत में कहा की सैनिकों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है. कटिहार में सैनिक कल्याण कार्यालय की स्थापना सीमांचल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >