– विभिन्न कोषांग के नोडल अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक कटिहार आसन्न बिहार विधान सभा आम निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अपनी तैयारी को गति देने लगी है. इस बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में विभिन्न कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारी के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी है. जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यों को पूरी गंभीरता के साथ पूर्व योजना अनुसार संपन्न कराने और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने कोषांगों के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं पर्यवेक्षण करने को कहा है. डीएम ने विशेष रूप से ईवीएम कोषांग, कार्मिक कोषांग, पोस्टल बैलेट कोषांग, वाहन कोषांग, नामांकन कोषांग, मीडिया, व्यय एवं अनुश्रवण तथा स्वीप कोषांग को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए इनके कार्यों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि सभी कोषांग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें. ताकि विधानसभा चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार से प्राप्त सभी निर्देशों का जिले में अक्षरशः पालन किया जायेगा. इसी परिप्रेक्ष्य में जिला स्तर पर 23 अलग-अलग कोषांगों का गठन किया गया है. जिनमें प्रमुख रूप से कार्मिक प्रबंधन, कंप्यूटराइजेशन एवं साइबर सिक्योरिटी, आईटी एवं कम्युनिकेशन प्लान, स्वीप, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम व वीवीपैट), प्रशिक्षण प्रबंधन, वाहन प्रबंधन, सामग्री प्रबंधन, कानून एवं व्यवस्था, नाम निर्देशन, आदर्श आचार संहिता, मीडिया एवं सोशल मीडिया, निर्वाचन व्यय लेखा अनुश्रवण, पोस्टल बैलेट, शिकायत निवारण एवं वोटर हेल्पलाइन, ऑब्जर्वर प्रबंधन, लाइव वेबकास्टिंग एवं वीडियोग्राफी, वज्रगृह, केंद्रीय पुलिस बल, कार्मिक कल्याण, पीडब्ल्यूडी मतदाता सुविधा, एकल खिड़की, तथा निर्वाचन सह निर्वाचक नामावली कोषांग शामिल है. कर्मियों के सटीक आकलन करने का निर्देश जिलाधिकारी ने सभी नोडल पदाधिकारियों को शीघ्र बैठक आयोजित कर अपने-अपने कोषांग से जुड़े पदाधिकारियों को दायित्वों से अवगत कराने और आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से कार्मिक प्रबंधन कोषांग को कर्मियों की उपलब्धता का सटीक आकलन करने,प्रशिक्षण कोषांग को छोटे-छोटे बैचों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, मीडिया कोषांग को निर्वाचन से संबंधित सूचनाएं समय पर संकलित कर उपलब्ध कराने, प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया. साथ ही डीएम उन्होंने स्वीप कोषांग को उन मतदान केंद्रों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां चलाने का निर्देश दिया. जहां पिछली बार मतदान प्रतिशत न्यूनतम रहा था. इसके अलावा सभी निर्वाची पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के क्रिटिकल एवं संवेदनशील भेधता मानचित्र की समय पर पहचान तथा मतदान केंद्रो पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
