कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पेपर लीक, महंगाई और सीबीएसई मुद्दे पर केंद्र सरकार पर किया हमला
कटिहार.बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा है कि कांग्रेस संगठन सृजन साथी अभियान के तहत डिजिटल मोड में सदस्यता अभियान चल रही है. इसी अभियान के तहत वह सीमांचल के दौरे पर है तथा अररिया, किशनगंज व पूर्णिया होते हुए कटिहार पहुंचे है. स्थानीय जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम में बुधवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोबाइल एप्लीकेशन के जरिये संगठन सृजन अभियान के तहत लक्ष्य के रूप सदस्य बनाया जा रहा है. इसी डिजिटल सदस्यता अभियान के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, महासचिव व अन्य पदों तथा जिला कांग्रेस कमेटी एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी में पदाधिकारी बनाये जाएंगे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह सही है कि पिछले 17 वर्षों से पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन नहीं हुआ है. लेकिन अब सब कुछ ठीक-ठाक होने वाला है. डिजिटल सदस्यता अभियान में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, बढ़ती महंगाई तथा सीबीएसई से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार युवाओं, छात्रों और आम जनता के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे है. जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लापरवाही और कमजोर व्यवस्था के कारण छात्रों का विश्वास परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय सरकार उन्हें अनिश्चितता और निराशा की ओर धकेल रही है.
महंगाई पर केंद्र सरकार को घेरा
महंगाई के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. इसके कारण आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में असफल रही है और जनता आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर है. सीबीएसई से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों और अभिभावकों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बनाने की मांग की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है तथा सरकार से जवाबदेही की मांग करती रहेगी. उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई करने, महंगाई पर नियंत्रण पाने के लिए ठोस कदम उठाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की. प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमिटी अर्बन के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता डॉ शकील अहमद खान, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पूनम पासवान व तौकीर आलम, मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम राय, प्रभारी अमन कुमार, मीनाक्षी श्वेता, जिला प्रवक्ता पंकज तमाखुवाला, नगर अध्यक्ष पुतुल सिंह रिंकू मिश्रा, आनंदराज सहित कई प्रमुख कांग्रेस नेता मौजूद थे.
