कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट
कटिहार. राज्य के विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लंबित वेतन, बकाया राशि तथा सेवानिवृत्ति लाभ के भुगतान को लेकर कुलाधिपति की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं. अब सभी लंबित मामलों के निपटारे के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इसका उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से उनका बकाया भुगतान सुनिश्चित कराना है.
20 जुलाई तक पूरा होगा वेतन सत्यापन अभियान
पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र जारी कर 20 जुलाई तक सभी प्रकार के बकाया वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े मामलों का वेतन सत्यापन अभियान पूरा करने का निर्देश दिया है. इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है.
27 और 28 जुलाई को लगेंगे विशेष भुगतान शिविर
निर्देश के अनुसार 20 जुलाई तक जिन मामलों का भुगतान नहीं हो सकेगा, उनके लिए 27 एवं 28 जुलाई को सभी विश्वविद्यालय मुख्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों के माध्यम से लंबित भुगतान और सेवानिवृत्ति लाभ का निपटारा किया जाएगा.
कुलाधिपति कार्यालय को मिल रही थीं लगातार शिकायतें
पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के चालू एवं बकाया वेतन, सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन एवं अन्य लाभों के भुगतान में अनावश्यक विलंब की शिकायतें लगातार कुलाधिपति कार्यालय को प्राप्त हो रही थीं. कई मामलों में आवंटन उपलब्ध होने के बावजूद भुगतान लंबित रखा गया था.
दो कॉलेजों का सप्तम वेतनमान बकाया अब भी लंबित
केबी झा कॉलेज, कटिहार और आरएल कॉलेज, माधवनगर (पूर्णिया) के कर्मचारियों ने बताया कि इन दोनों महाविद्यालयों के कर्मचारियों का सप्तम वेतनमान का बकाया भुगतान अभी तक लंबित है, जबकि अन्य पुराने अंगीभूत महाविद्यालयों में इसका भुगतान किया जा चुका है. कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि कुलाधिपति के निर्देश के बाद अब उनका लंबित भुगतान भी जल्द हो सकेगा.
प्रमुख बातें
- शिक्षकों और कर्मचारियों के बकाया भुगतान के लिए कुलाधिपति के सख्त निर्देश.
- 20 जुलाई तक वेतन सत्यापन अभियान पूरा करने का आदेश.
- 27 और 28 जुलाई को विश्वविद्यालय मुख्यालयों में विशेष शिविर लगेंगे.
- लंबित वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ के मामलों का होगा निपटारा.
- केबी झा कॉलेज और आरएल कॉलेज का सप्तम वेतनमान भुगतान अब भी लंबित.
और पढ़ें: ठंडी फुहारों के साथ हुई पूर्णिया की सुबह, आज भी मौसम रहेगा सुहाना : कल से येलो अलर्ट
