काजी टोला से मथुरापुर तक सड़क बनी जानलेवा: गड्ढों और जलजमाव में रोज हो रहे हादसे, ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है.

बारसोई (कटिहार) से अरविन्द गुप्ता की रिपोर्ट:

कटिहार: बारसोई प्रखंड के आबादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत काजी टोला चौक से शिवानंदपुर होते हुए मथुरापुर तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर और जानलेवा बन चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें हल्की बारिश के बाद भी पानी भर जाता है, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.

सबसे गंभीर हालात मथुरापुर गांव के पास हैं, जहां सड़क और तालाब में फर्क करना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है.

रविवार को भी एक बाइक सवार जलजमाव वाले गड्ढे में गिरकर घायल हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अब आम हो चुकी हैं. लगभग हर दिन कोई न कोई राहगीर गिरकर चोटिल हो जाता है. किसी के हाथ टूट रहे हैं, किसी के पैर में मोच आ रही है, तो कई लोग गंभीर चोटों का शिकार हो रहे हैं.

सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्ग महिलाओं को उठानी पड़ रही है. बच्चे कीचड़ और पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि बुजुर्ग महिलाएं डर के साये में सड़क पार करती हैं. कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन भी इस मार्ग पर फंस जाते हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है.

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है. मरम्मत कार्य नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >