कटिहार, बारसोई. स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर बलरामपुर विधायक संगीता देवी ने शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की. इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की. उन्होंने क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाने का आग्रह किया.
बलरामपुर सीएचसी और बारसोई पीएचसी के भवन निर्माण की मांग
विधायक संगीता देवी ने विशेष रूप से बलरामपुर प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बारसोई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण का मुद्दा स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखा. उन्होंने कहा कि बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए आधुनिक और पर्याप्त संसाधनों से युक्त स्वास्थ्य केंद्रों का होना जरूरी है. भवन निर्माण होने से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सुविधा मिलने के साथ मरीजों को भी बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा.
अनुमंडल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग
विधायक ने बारसोई अनुमंडल अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, ऑर्थोपेडिक, जनरल सर्जन और फिजिशियन जैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना की मांग की. इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने के कारण गंभीर और जटिल मामलों में मरीजों को दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता है.
ग्रामीण आबादी को स्थानीय स्तर पर मिले बेहतर इलाज
विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र की बड़ी आबादी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की अपेक्षा रखती है. ग्रामीण और दूरदराज के लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम करने के लिए स्थानीय स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करना जरूरी है.
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
विधायक संगीता देवी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. जनसेवा और जनहित सर्वोपरि है और इसके लिए हर स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहेगा.
मंत्री ने आवश्यक पहल का दिया आश्वासन
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने विधायक की ओर से उठाए गए स्वास्थ्य संबंधी विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक पहल का आश्वासन दिया. मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, नए भवनों के निर्माण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता को लेकर लोगों में उम्मीद जगी है.
