कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट Katihar News : कटिहार नगर निगम क्षेत्र के इमलीगाछ चौक पर सोमवार को बदहाल सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर आगजनी करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जानकारी के अनुसार इमलीगाछ से रोजीतपुर जाने वाली सड़क पर नाला निर्माण कार्य के चलते सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है, सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, वहीं हाल की बारिश के बाद जलजमाव ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है, कीचड़ से सनी सड़क पर आए दिन बाइक, टोटो और टेंपो के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल चलना भी अब जोखिम भरा हो गया है. प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी मो चांद और मो नियाज समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस सड़क की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी, लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, उनका कहना था कि अब वे किसी भी आश्वासन पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं और ठोस कार्रवाई चाहते हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया, इसके बाद जाम हटाया गया और धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका, स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराए और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि इस तरह की समस्याओं से निजात मिल सके.
Katihar News : जर्जर सड़क के खिलाफ आगजनी, दो घंटे तक ठप रही यातायात
कटिहार नगर निगम क्षेत्र के इमलीगाछ चौक पर सोमवार को बदहाल सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा.
