रेड रिबन क्विज में मिर्चाइबाड़ी मिडिल स्कूल के अनन्या और आदर्श बने जिला चैंपियन; पटना में करेंगे कटिहार का प्रतिनिधित्व

कटिहार में एचआईवी-एड्स जागरूकता बढ़ाने के लिए रेड रिबन क्विज का सफल आयोजन हुआ. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें अनन्या झा और आदर्श कुमार झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वे अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कटिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे.

कटिहार. बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के निर्देशानुसार जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई कटिहार तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हरिशंकर नायक उच्चतर विद्यालय के सभागार में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय शंकर सिंह तथा बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना से पहुंचे मास्टर ट्रेनर राकेश कुमार सिंह और शिवम कुमार ने संयुक्त रूप से किया.

एचआईवी-एड्स जागरूकता पर दिया जोर

प्रधानाध्यापक उदय शंकर सिंह ने विद्यार्थियों को एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूक रहने के साथ जीवन कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों की जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ महत्वपूर्ण जानकारी को अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं.

50 विद्यालयों के 100 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कटिहार जिले के 50 विद्यालयों से कुल 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को एचआईवी-एड्स के संक्रमण के तरीकों, बचाव, सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से अवगत कराना था. इसके साथ ही विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने पर भी जोर दिया गया.

तीन चरणों में हुई प्रतियोगिता

रेड रिबन क्विज का आयोजन तीन चरणों में किया गया. प्रथम चरण में सभी प्रतिभागियों को 25 प्रश्नों का प्रश्नपत्र दिया गया. इसके आधार पर पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन किया गया. चयनित विद्यार्थियों के बीच विभिन्न विषयों पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई.

अनन्या झा और आदर्श कुमार झा रहे प्रथम

प्रतियोगिता में मिडिल स्कूल मिर्चाइबाड़ी की अनन्या झा और आदर्श कुमार झा ने प्रथम स्थान हासिल किया. एएमवी बीएमपी-7 के प्रिंस कुमार सोनी और सोनाक्षी झा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पाराशर विद्यापीठ हाई स्कूल की प्रयास गुप्ता और सरस्वती कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को छह-छह पुस्तकों का सेट, प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे कटिहार का प्रतिनिधित्व

जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनन्या झा और आदर्श कुमार झा अब राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी 38 जिलों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कुल 76 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. इसके बाद प्रतिभागियों का चयन रीजनल लेवल क्विज प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा.

आयोजन में इनकी रही भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शौनिक प्रकाश, अकाउंटेंट प्रभाकर लाल दास, जिला प्रवेक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार ठाकुर, आईसीटीसी काउंसलर अश्वनी झा, एमसीएच लैब तकनीशियन राहुल कुमार, केएमपी प्लस के जितेंद्र महाराज, ब्लड सेंटर के सनी पोद्दार, पवन कुमार और नवीन कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राणा प्रताप सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >