फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के कारण 25 बच्चों का नहीं बना आधार

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के कारण 25 बच्चों का नहीं बना आधार

कोढ़ा दक्षिण सिमरिया पंचायत की करमु टोला में शनिवार को फिनो पेमेंट्स बैंक की न्यू मार्केट कटिहार शाखा की ओर से आधार सेंटर कैंप का आयोजन प्राथमिक विद्यालय परिसर में किया. कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने बच्चों का नया आधार कार्ड बनवाने एवं सुधार कराने पहुंचे. जन्म प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के कारण कई बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन सका. कैंप में मौजूद आधार ऑपरेटर अजय कुमार मेहता ने बताया कि जांच के दौरान करीब 20 से 25 बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र फर्जी पाए गये. बारकोड स्कैन करने पर प्रमाणपत्र इनवैलिड दिखा रहा था. आवेदन वापस करना पड़ा. ग्रामीणों ने कहा, बच्चों का जन्मप्रमाण पत्र कोलासी स्थित आधार सेंटर से बनवाया था. सिमरिया निवासी हसन द्वारा संचालित बताया जाता है. एहसान, सबीना खातून, आलम, जुबेर, राशिदा खातून, इशहाक सहित अन्य अभिभावकों ने आरोप लगाया उक्त सेंटर पर 700 से 2000 रुपये तक लेकर जन्मप्रमाण पत्र तैयार किया जाता है. ग्रामीणों ने कहा, प्रमाणपत्र कभी सदर अस्पताल कटिहार, कभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा तो कभी पंचायत सचिव के नाम से जारी दिखाया जाता है. आधार कैंप में दस्तावेजों की जांच के दौरान उन्हें फर्जी बताया गया. एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि उनके बच्चे का आधार कार्ड आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 174 की सेविका शहनाज खातून के माध्यम से बनवाया गया था. उसे भी अमान्य बताया जा रहा है. अभिभावकों में नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा भोले-भाले लोगों से अवैध वसूली करने वाले तत्वों पर रोक लगाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >