डिप्रेशन में आकर आत्महत्या करने की बातें आ रही हैं सामने कटिहार सरकारी 102 एंबुलेंस सेवा से जुड़े एक युवा कर्मचारी की मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है. जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय धीरज कुमार महतो जो हसनगंज थाना क्षेत्र के रामनगर बंसी टोला निवासी बीते सात सितंबर को ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. उनकी पहचान पहले नहीं हो पाई थी. लेकिन बुधवार को शव की पहचान होने के बाद परिजनों और सहकर्मियों में कोहराम मच गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों का कहना है कि धीरज कुमार हाल के दिनों में काफी तनाव में था. मृतक के मामा पूरण चंद्र महतो ने बताया कि 24 मार्च 2025 को ही धीरज की नियुक्ति 102 एंबुलेंस के इमरजेंसी टेक्नीशियन ईएमटी के रूप में हुई थी. नौकरी मिलने के कुछ ही महीनों बाद उनकी शादी भी हुई थी. नौकरी पाने को लेकर इस दौरान उन्होंने कई कर्ज भी उठा रखा था. लेकिन हाल ही में कर्मचारियों की हड़ताल व एजेंसी के दबाव ने उन्हें पूरी तरह से डिप्रेशन में धकेल दिया. परिजनों ने बताया कि सात सितंबर को धीरज घर से यह कहकर निकला था कि वह मेला देखने जा रहा है. लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटा, काफी खोजबीन के बाद बुधवार को जानकारी मिली कि उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. इधर, धीरज की मौत की खबर मिलते ही जिले भर के 102 एंबुलेंस कर्मचारी स्तब्ध रह गये. उनमें शोक की लहर दौड़ गयी. साथ ही कर्मचारियों ने जैन प्लस कंपनी, जो कि 102 एंबुलेंस का संचालन कर रही है. पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि कंपनी द्वारा हाल ही में सभी कर्मचारियों को टर्मिनेट करने का नोटिस दिया गया था. जिसके दबाव को धीरज कुमार बर्दाश्त नहीं कर पाया. उन्होंने यह दर्दनाक कदम उठाया. 102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अमर कुमार सिंह ने साफ तौर पर कहा कि धीरज की मौत के लिए जैन प्लस एजेंसी जिम्मेदार है. उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का काम किया और नौकरी से निकालने की धमकी दी. 102 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करायी जाय. मृतक के परिवार को उचित मुआवजा व सहायता प्रदान की जाय. इस घटना के बाद पूरे एंबुलेंस कर्मचारियों में आक्रोश है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
