बलिया बेलौन नववर्ष के अवसर पर बाबा गोरखनाथ धाम में आस्था व उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला. वर्ष के पहले दिन बाबा का आशीर्वाद पाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी. दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर पहुंचे. पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. नव वर्ष को लेकर बाबा गोरखनाथ धाम में विशेष रौनक रही. मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र पिकनिक स्पॉट के रूप में भी गुलजार रहा. बड़ी संख्या में लोग परिवार व मित्रों के साथ पिकनिक मनाते नजर आये. बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में नववर्ष को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी भी बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचे. बारसोई एसडीएम सह मंदिर समिति की पदेन अध्यक्ष आकांक्षा आनंद, एसडीपीओ अजय कुमार भी मंदिर पहुंचकर बाबा गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया. क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की. मंदिर समिति, स्थानीय प्रशासन एवं स्वयंसेवकों द्वारा सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था की गई थी. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया गया. जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई. मंदिर समिति के सचिव पिंटू यादव व उपाध्यक्ष अक्षय सिंह ने कहा कि नव वर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुये मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई थी. बाबा गोरखनाथ धाम श्रद्धा के साथ-साथ पर्यटन और पिकनिक के दृष्टिकोण से भी तेजी से विकसित हो रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
