सदर अस्पताल में 65 वर्षीय महिला के पेट से निकला दो किलो का ट्यूमर

सदर अस्पताल में 65 वर्षीय महिला के पेट से निकला दो किलो का ट्यूमर

चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन में पाई सफलता कटिहार सदर अस्पताल जिस पर अक्सर कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े होते रहे हैं. अब एक बड़ी उपलब्धि की वजह से सुर्खियों में है. शनिवार की शाम अस्पताल के सर्जन डॉक्टरों ने 65 वर्षीय महिला के पेट से लगभग दो किलो वजनी ट्यूमर सफलता पूर्वक निकालकर सदर अस्पताल की बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की मिसाल पेश की है. हसनगंज प्रखंड की निवासी रुक्मिणी देवी पिछले कई महीनों से पेट में असामान्य सूजन और दर्द की समस्या से जूझ रही थी. चिकित्सकों ने पाया कि उनके पेट में बड़ा ट्यूमर विकसित हो चुका है. जिसका वजन करीब दो किलो था. रुक्मिणी देवी की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह महंगे अस्पतालों में इलाज कराने में असमर्थ थी. सामान्यत: ऐसे गंभीर मामलों को बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है. इस बार कटिहार सदर अस्पताल के सर्जनों ने खुद यह चुनौती स्वीकार की. महिला के ऑपरेशन सदर अस्पताल में करने की ठानी. अस्पताल के सर्जन डॉ सानंद प्रेम ने ऑपरेशन का नेतृत्व किया. उनके साथ डॉ संजीदा परवीन भी ऑपरेशन टीम में शामिल रही. लगभग डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन में चिकित्सकों ने धैर्य और कुशलता के साथ ट्यूमर को बाहर निकाला. ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा. कुछ ही घंटों में रुक्मिणी देवी को होश आ गया. डॉ सानंद प्रेम ने बताया कि मरीज के पेट में मौजूद इतना बड़ा ट्यूमर उनके लिए बेहद कष्टदायक था. हमने ठाना कि मरीज को बाहर रेफर नहीं करेंगे. पूरी टीम ने मिलकर सफल ऑपरेशन किया. इस सफल ऑपरेशन ने कटिहार सदर अस्पताल की छवि को निखारने का काम किया है. जहां अब तक रेफर सेंटर कहे जाने वाले इस अस्पताल पर लोगों का भरोसा डगमगा रहा था. इस उपलब्धि ने मरीजों के बीच सदर अस्पताल पर विश्वास और उम्मीद दोनों को बढ़ाया है. ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले गरीब मरीजों के लिए यह उपलब्धि राहत की बड़ी खबर साबित हो रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >