7 पिकअप से 65 मवेशी जब्त, 14 तस्करों गिरफ्तार

7 पिकअप से 65 मवेशी जब्त, 14 तस्करों गिरफ्तार

जिले की कोढ़ा पुलिस की टीम ने की बड़ी कार्रवाई कोढ़ा थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात पिकअप वाहनों को जब्त किया है. इन वाहनों पर कुल 65 मवेशी लदे हुए थे. पुलिस ने मौके से 14 तस्करों को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की तैयारी की जा रही है. मवेशी तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है. थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की. जांच के क्रम में सात पिकअप वाहनों को रोका गया. तलाशी लेने पर उनमें बड़ी संख्या में मवेशी ठूंस-ठूंस कर लदे मिले. प्रारंभिक जांच में यह मामला अवैध मवेशी परिवहन से जुड़ा पाया गया. पुलिस के अनुसार, मवेशियों को बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित नियमों का पालन किए एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा था. कई मवेशियों को अमानवीय तरीके से वाहन में भर दिया गया था. उनकी जान को भी खतरा था. पुलिस ने तत्काल सभी वाहनों को जब्त कर मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा. पशुपालन विभाग को भी सूचना दी गई है. ताकि मवेशियों की चिकित्सकीय जांच कराई जा सके. गिरफ्तार किए गए 14 आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है. इसका नेटवर्क किन-किन जिलों या राज्यों तक फैला हुआ है. सूत्रों के अनुसार, यह संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय हो सकता है. पुलिस इस मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भी तलाश कर रही है. थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने स्पष्ट कहा कि कोढ़ा थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा, गश्ती के दौरान सात पिकअप पर 65 मवेशी लदे हुए मिले. कुल 14 तस्करों को गिरफ्तार किया है. सभी के विरुद्ध आवश्यक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. आगे ऐसे अभियान जारी रहेंगे. पुलिस ने बताया कि मवेशी तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ा दी गई है. संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जा रही है. पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जायेगी. ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >