ई-रिक्शा से 139 लीटर विदेशी शराब बरामद, पूर्णिया का तस्कर गिरफ्तार

कटिहार जिले की रोशना थाना पुलिस ने महानंदा चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ई-रिक्शा से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने मौके से 139.47 लीटर अवैध शराब जब्त करने के साथ ही पूर्णिया के एक शातिर तस्कर को भी दबोचा है.

कटिहार से नीरज की रिपोर्ट:

पुलिस कप्तान के निर्देश पर बंगाल सीमा पर चलाया गया चेकिंग अभियान

बिहार में शराबबंदी कानून को पूरी तरह प्रभावी बनाने और सीमा पार से होने वाली तस्करी को रोकने के लिए पुलिस लगातार एक्शन मोड में है. कटिहार के पुलिस कप्तान (SP) शिखर चौधरी के विशेष निर्देश पर पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे तमाम इलाकों में शराब और मादक पदार्थों के धंधेबाजों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में रोशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप बिहार में प्रवेश करने वाली है.

महानंदा चेकपोस्ट पर पुलिस को देख घबराया ई-रिक्शा चालक

सटीक इनपुट के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में रोशना थाना पुलिस ने महानंदा चेकपोस्ट पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी शुरू की. इसी दौरान पश्चिम बंगाल की दिशा से आ रहे एक ई-रिक्शा को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसका चालक घबरा गया. संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने ई-रिक्शा की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें छुपाकर रखी गई विभिन्न नामचीन ब्रांडों की कुल 139.47 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

पूर्णिया का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर, ई-रिक्शा जब्त

शराब की बड़ी खेप मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा को जब्त कर लिया और उसके चालक सह तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना ले आई. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय सुजल कुमार (पिता अशोक मंडल), निवासी मौखान टोला, थाना खजांची, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है.

रोशना थाना पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम (मद्यनिषेध कानून) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप बंगाल में कहाँ से लोड की गई थी और पूर्णिया में इसे किसे डिलीवर किया जाना था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >