फलका में संदिग्ध परिस्थिति में किशोरी की मौत, चाचा पर लात-घूसों से पीटने का आरोप, चाची हिरासत में

कटिहार के पोठिया में टोटो की सीट फाड़ने के विवाद में चाचा-चाची ने 13 वर्षीय भतीजी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

फलका (कटिहार) ; पोठिया थाना क्षेत्र के रुचदेव सिमरिया पंचायत के लोहनी गांव में 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है. इस मामले में मृतका के चाचा पर लात-घूसों से पीटने का आरोप लगाया गया है. बताया जा रहा है कि टोटों की सीट फाड़ने पर चाचा-चाची ने आक्रोशित होकर किशोरी की पिटाई कर दी थी. मृतका की पहचान लोहनी निवासी दिलीप मंडल की पुत्री कोमल कुमारी (13) के रूप में हुई है. घटना के बाद से उसका चाचा घर से फरार बताया जा रहा है, जबकि पुलिस ने मृतका की चाची को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

सीट फाड़ने को लेकर हुआ था विवाद

मृतका के नाना ढोराई मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बुधवार शाम को कोमल ने किसी कारणवश अपने चाचा अखिलेश मंडल के टोटो की सीट फाड़ दी थी. इसके बाद चाचा-चाची आक्रोशित हो गए. नाना का आरोप है कि दोनों ने अपने बेटी और बहू के साथ मिलकर कोमल की मुक्का-लात से पिटाई की. आसपास के लोगों द्वारा रोकने की कोशिश के बावजूद उसकी पिटाई जारी रही.

पिटाई के बाद घर में रखने का आरोप

नाना ने आरोप लगाया कि पिटाई के बाद कोमल को उसके ही घर में रखा गया. गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, सदर-2 डीएसपी सुनील कुमार शर्मा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने मृतका की चाची को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना की वास्तविक वजह और किशोरी की मौत के कारणों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में मातम के साथ घटना को लेकर आक्रोश का माहौल बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अली अहमद

अली अहमद प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फलका (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >