मोमेंटो व प्रमाण पत्र लेने के लिए जाना होगा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना
कटिहार. बिहार सरकार द्वारा खेल सम्मान समारोह के लिए विभिन्न खेलों में पूरे बिहार से 630 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है. जिसमें ताइक्वांडो खेल में कटिहार जिला से एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी और 12 राष्ट्रीय पदकधारी खिलाड़ियों को इस खेल सम्मान समारोह के लिए चयनित किया गया है. कटिहार जिले से खेल सम्मान समारोह के ताइक्वांडो विद्या में चयनित सभी 13 ताइक्वांडो खिलाड़ी, मनोज कुमार सिंह ( पांचवी डान ब्लैक बेल्ट सह अंतर्राष्ट्रीय रेफरी) के निगरानी में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण लगातार प्राप्त कर रहे हैं. सभी खिलाड़ियों को बिहार सरकार के द्वारा खेल सम्मान समारोह के लिए चयनित होने एवं सभी खिलाड़ियों के खाते में पुरस्कार राशि भेजने की घोषणा पर कटिहार ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव शैलेंद्र सिन्हा, उपाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष उदय कुमार सिंह, विभिन्न खेल संघों से सतीश कुमार सिंह सचिव कटिहार वुशु संघ सहित अन्य ने खिलाड़ियों को बधाई दी है. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पांच अक्तूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अपने हाथों से राजगीर खेल परिसर में सम्मान दिया गया था. शेष को उनके खाते में पुरस्कार राशि भेज दी जायेगी. मेडल व प्रमाण पत्र के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना में लेने के लिए जाना होगा. अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में अविनाश कुमार सहनी को एक लाख, राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक विजेता सिमरन कुमारी को दो लाख, रजत पदक विजेता शिवशंकर झा को एक लाख 12 हजार 500, ज्योति कुमारी झा को एक लाख 12 हजार 500, कुसुम रानी को 50 हजार, आयुष राज को 50 हजार, कयादू मंडल गुप्ता को 52 हजार, राज अमन को 70 हजार, कांस्य पदक विजेता ललन कुमार को 50 हजार, राहुल कुमार दास को 50 हजार, शिखा कुमारी को 50 हजार, सुहानी खातून को 50 हजार कुल 10 लाख सात हजार रुपये इन खिलाड़ियों के खाते में भेजे जाने की घोषणा छह अक्तूबर को की गयी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
