कटिहार : पैसे के अभाव में एक मां ने अपनी ममता का गला घोंट दिया है. पैसे की तंगी और बेटी के जन्म ने मां की ममता को ही शर्मसार कर दिया है. मामला शहर के राजहाता स्थित डॉ पीएल साह मेमोरियल हॉस्पिटल का है. जहां एक मां ने अपनी एक माह की बच्ची से मुंह मोड़ लिया है. बच्ची जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है. जिसे अपनों के इंतजार के साथ किसी रहनुमा का भी इंतजार है.
दरअसल मनिहारी की रहने वाली महिला ने 12 फरवरी को एक बच्ची जन्म दिया. बच्ची सांस लेने में तकलीफ आ रही थी. परिजनों ने उसे राजहाता स्थित डॉ पीएल साह मेमोरियल हॉस्पीटल में भर्ती कराया. वहां बच्ची की हालत को देखते हुए उसे आइसीयू में भर्ती किया गया. उस समय परिजन बच्ची के साथ ही थे.
आइसीयू में भर्ती कर डॉ गुलाम उसका इलाज कर रहे थे. चिकित्सक ने एक सप्ताह आइसीयू में भर्ती के बाद जांच के क्रम में पाया की बच्ची को सांस के प्रॉब्लम के साथ उनके शौच करने वाले रास्ते में भी कई परेशानियां है, जिसे सर्जरी कर ही इलाज किया जा सकता है.
चिकित्सक ने परिजन को बच्ची की सर्जरी के लिए किसी सर्जन के पास ले जाने के लिए कहा. परिजन यह बात सुनते ही पैसे का जुगाड़ करने की बात कहकर अस्पताल से निकल गये. उनके बाद परिजन लौटकर अस्पताल की तरफ नहीं आये.
बच्ची की हालत बिगड़ते देख अस्पताल के डायरेक्टर चंदन कुमार ने उसके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की. दिये गये नंबर पर परिजनों से संपर्क साधा, लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो पाया. चिकित्सक ने बताया कि करीब एक महीने से बच्ची अस्पताल में ही भर्ती है. परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है, लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है.
यहां तक कि कुछ लोगों को मनिहारी भेजकर भी परिजनों का पता लगाने की कोशिश की गयी, लेकिन कोई पता नहीं चला. बच्ची की हालत भी बिगड़ती जा रही है. बच्ची को सर्जन चिकित्सक की अति आवश्यकता है. बच्ची की सर्जरी होनी है, लेकिन न ही कोई परिजन सामने आ रहे हैं और न ही कोई रहनुमा आगे आ रहा है. अस्पताल प्रशासन भी कई सर्जनों से बात की है. मामला काफी डिफिकल्ट है. सर्जन बच्ची का सर्जरी करने से इंकार कर रहे हैं. बच्ची का अब तक इलाज नहीं होने से बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.
