जाम की समस्या को दूर करने में प्रशासन विफल
हर रोज सड़कों पर सजती है दुकानें
शहर में नहीं है ट्रैफिक व्यवस्था
कहीं नहीं है पार्किंग की सुविधा
कटिहार : शहरवासियों को जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पा रही है. रोज जाम की समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ रहा है. शहर का एक भी ऐसा सड़क नहीं है जहां जाम की समस्या से लोग परेशान नहीं है. जाम का प्रमुख कारण सड़क किनारे दो पहिया व चार पहिया वाहनों की खड़ी करने से उत्पन्न हो रही है. लेकिन इस दिशा में जिला प्रशासन का कोई ध्यान है न ही नगर निगम प्रशासन ही कोई ध्यान दे रहा है. शहर में सही ट्रैफिक व्यवस्था नहीं है. इसकी वजह से शहर के दुकानदार, व्यवसायी, पैदल चलने वाले लोग, वाहन चालक परेशान होने को विवश हो रहे हैं. जाम की वजह से स्कूली वाहन, एंबुलेंस भी घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं
जिसके कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. बुधवार को पूरे शहर में जाम की समस्या से लोग जूझते रहे. कही भी ट्रैफिक पुलिस जाम को हटाने की दिशा में काम नहीं कर रही थी. जिसके कारण लोग घंटों तक परेशान होते रहे.
शहर का मुख्य सड़क मंगल बाजार, एमजी रोड, काली बाड़ी रोड, विनोदपुर, दुर्गापुर, शिव मंदिर चौक, पानी टंकी चौक, गर्ल्स स्कूल रोड, न्यू मार्केट, मिरचाईबाड़ी, बड़ा बाजार, तीन गछिया रोड आदि पर जाम से लोग पूरे दिन जूझते रहे. यह स्थिति किसी एक दिन की नहीं है बल्कि अस्थायी हो गयी है. रोजाना कटिहार वासियों को इस जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मिनटों का सफर घंटों में तय करने को स्थानीय लोग मजबूर हो रहे हैं. जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन की उदासीनता की वजह से जाम की समस्या दिनों दिन अपना विकराल रूप धारण कर रहा है.
इससे दिनों-दिन स्थानीय लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पर रहा है. लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में रहते हैं. लेकिन नगर निगम जैसी कोई सुविधा निगम प्रशासन व जिला प्रशासन की ओर से मुहैया नहीं कराया गया है. निगम प्रशासन बस खानापूर्ति का काम कर रहा है.
मंगल बाजार में हमेशा लगा रहता है जाम : शहर का मुख्य बाजार मंगल बाजार हमेशा जाम की समस्या से जूझता रहता है. जिससे लोगों को खरीदारी करने व आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि मंगल बाजार में पैदल चलने के लिए बनाया गया फुटपाथ पर अवैध कब्जा दुकानदारों का हो गया है. जिससे पैदल चलने वाले लोग आसानी से अपने काम के लिए गंतव्य स्थान तक जा सके. लेकिन आलम यह है की मंगल बाजार के सड़क के दोनों किनारे बने फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा जमा लिया है. दुकानदार अपनी सामानों को फुटपाथ पर सजाकर रखते हैं. यूं कहे तो आधा दुकान फुटपाथ पर ही चलाते हैं. जिससे पैदल चलने वाले यात्री मजबूरन सड़क पर चलने को विवश होते हैं.
खरीदारी करने आये ग्राहक भी अपने दोपहिया वाहनों को सड़कों के दोनों किनारे लगा देते हैं. जिससे सकरी सड़क और ज्यादा सकरी हो जाती है. यदि चार पहिया वाहन मंगल बाजार में प्रवेश कर जाय तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है.
गर्ल्स स्कूल रोड में पैदल चलना भी मुश्किल
गर्ल्स स्कूल रोड हमेशा जाम की समस्या से जूझता रहता है. इसकी हालत भी कमोबेश मंगल बाजार रोड कि जैसे ही हैं. सड़क के दोनों ओर खरीदारी करने आये ग्राहक दर्जनों की संख्या में अपने दोपहिया वाहनों को लगा देते हैं. जिससे सड़क पर चलना भी मुश्किल हो जाता है. ज्ञात हो कि बालिका विद्यालय होने की वजह से हमेशा-छात्राओं का आवागमन लगा रहता है. जिससे उन्हें भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. गौरतलब हो की सड़कों पर दोनों ओर से दोपहिया वाहनों के लगने से सड़कों की चौड़ाई बहुत ही कम हो जाती है और सड़कों पर आवागमन करने में काफी परेशानी होती है. दुकानदार भी इस जाम के बराबर के भागीदारी हैं. ज्ञात हो कि दुकानदार अपने सामानों को सड़क के किनारे लगा देते हैं.
विनोदपुर रोड का भी हाल बुरा
विनोदपुर रोड में दर्जनों की संख्या में प्राइवेट क्लीनिकों, हॉस्पिटल व दवाइयों की दुकान खोली गई है. लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से डॉक्टर के पास आये मरीज अपने वाहनों को सड़कों के दोनों किनारों पर लगा देते हैं. जिससे विनोदपुर रोड में हमेशा जाम की समस्या उत्पन्न होती रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक प्राइवेट क्लीनिक को व अस्पतालों के द्वारा अपने अपने जगह पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं करता है तब तक इस समस्या से निजात नहीं मिल सकता है.
बाजार समिति तिनगझिया में लगता है जाम
शहर के बाजार समिति तीनगछिया चौक पर आय दिन जाम लगते रहता है. जिससे इस रास्ते से होकर गुजरने वाले लोगो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि बाजार समिति तीनगछिया चौक पर सड़क के किनारे बने धर्मकाटा पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में ट्रक और ट्रैक्टर का वजन किया जाता है. जिससे इस चौक पर हमेशा जाम लगा रहता है. ट्रकों व ट्रैक्टरों की लंबी कतारें हमेशा यहां पर हमेशा देखी जा सकती है. बुधवार को भी इस रास्ते से गुजरने वाले दोपहिया व चार पहिया वाहनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. चौंकाने वाली बात यह है कि रोजाना इस चौक पर इस तरह का मंजर देखा जा सकता है.
