लूट के क्रम में अपराधियों ने गृहस्वामी को बनाया बंधक
मामला आबादपुर थाना क्षेत्र के हाट बंगरोरा गांव का
अकबर के घर शोर सुन मौके पर पहुंचा था अनसुर
पुलिस ने कहा, मामला आपसी रंजिश का
कटिहार/आबादपुर : बारसोई अनुमंडल के आबादपुर थाना क्षेत्र के एकसला पंचायत के हाट बंगरोरा गांव में लूट की घटना को अंजाम देने आये अपराधियों ने गृहस्वामी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. चीख पुकार सुनकर पड़ोसी गृह स्वामी को बचाने गया, तो उसी क्रम में अपराधियों ने फायर कर दिया. गोली पड़ोसी के पैर में लग गयी. इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गये. परिजन घायल को अस्पताल ले गये, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घायल का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है. हॉट बंगरोरा गांव के मो अकबर के घर पर शुक्रवार की रात अपराधियों ने धावा बोल दिया. वे गृहस्वामी अकबर को बंधक बनाकर लूट की फिराक में थे, तभी शोर सुनकर पड़ोसी अनसुर उसके घर पहुंच गया और अपराधियों को देख शोर करने लगा. इस पर अपराधियों ने अनसुर को गोली मार दी, जो उसके पैर में लगी. इधर अनसुर की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, तो अपराधी फरार हो गये.
कहते हैं प्रभारी एसडीपीओ
बारसोई के प्रभारी एसडीपीओ सह एएसपी विशाल शर्मा ने बताया कि यह घटना आपसी रंजिश की है न कि लूट की. आपसी रंजिश में गोली लगने के बाद आर्म्स एक्ट व पुलिस अनुसंधान से बचने के लिए लूट की बात पीड़ित कह रहे हैं. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
