महानंदा नदी अधिकांश स्थानों पर नरम पड़ रही
कटिहार : जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से रुक रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. दूसरी तरफ प्रमुख नदियों के जलस्तर में भी उतार चढ़ाव जारी है. पिछले 12 घंटे के दौरान गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में जहां वृद्धि दर्ज की गयी है, वहीं दूसरी तरफ महानंदा नदी अधिकांश स्थानों पर नरम पड़ रही है. रुक रुक कर हो रही बारिश एवं नदियों के घटते बढ़ते जलस्तर से लोगों में फिर से बाढ़ की आशंका को लेकर दहशत व्याप्त हो गया है. इस बीच जिला प्रशासन ने भी बाढ़ को लेकर एहतियात के तौर पर अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे है.
महानंदा नदी के जलस्तर में आयी कमी
पिछले 24 घंटे से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में रुक रुक कर हो रही बारिश के बीच जिले के महानंदा, गंगा, कोसी नदी के जलस्तर में मंगलवार को उतार चढ़ाव रहा. पिछले 12 घंटे के दौरान महानंदा नदी के जलस्तर अधिकांश स्थानों पर नरम रहा है. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अनुसार महानंदा नदी झौआ में सोमवार की शाम जलस्तर 28.83 मीटर था,जो मंगलवार को सवेरे घटकर 28.80 मीटर हो गया. इस नदी का जल स्तर आजमनगर व कुर्सेल में स्थिर रहा.
12 घंटे के दौरान बाहरखाल में 28.38 मीटर दर्ज किया गया था, जो मंगलवार की सवेरे घटकर 28.36 मीटर हो गया. आजमनगर में 26.80 मीटर व कुर्सेल में 28.84 मीटर जल स्तर दर्ज की गयी है. जबकि इसी नदी का जलस्तर धबोल में सोमवार की शाम 2658 मीटर था,जो 12 घंटे बाद सोमवार की सुबह घटकर 26.54 मीटर हो गया. दुर्गापुर में जलस्तर 25.82 मीटर दर्ज किया गया. मंगलवार को यहां का जल स्तर घटकर 25.80 मीटर हो गया. गोविंदपुर में इस नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गयी है.यहां का जलस्तर 24.61 मीटर था, जो मंगलवार की सवेरे बढ़कर 24.62 मीटर हो गया.
कई दिनों से लगातार बढ़ रहा है पानी
गंगा नदी के जलस्तर में भी पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ती जा रही है. जबकि कोसी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि होने लगी है. गंगा नदी के रामायणपुर में सोमवार की शाम 23.35 मीटर दर्ज किया गया, जो मंगलवार की सवेरे बढ़कर 23.39 मीटर हो गया. इसी नदी के काढ़ागोला घाट पर जलस्तर 25.79 मीटर दर्ज किया गया था,जो 12 घंटे बाद मंगलवार की सुबह 25.86 मीटर हो गया. कोसी नदी का जलस्तर कुरसेला रेलवे ब्रिज पर सोमवार की शाम 24.80 मीटर दर्ज की गयी. मंगलवार की सवेरे भी यहां का जलस्तर 24.83 मीटर हो गया.
