कैमूर: भगवानपुर सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, कमजोर प्रदर्शन पर एएनएम को चेतावनी

कैमूर जिले के भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया और सुधार के निर्देश दिए गए.

Kaimur News : कैमूर जिला के भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को स्वास्थ्य कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आर.के. चौधरी ने सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों की एएनएम के कार्यों का मूल्यांकन किया और नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच तथा अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की.

कमजोर प्रदर्शन करने वाली एएनएम को सुधार के निर्देश

बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाली एएनएम को तत्काल कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया गया. साथ ही सभी एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्र में समय पर उपस्थित होकर कार्य करने तथा सभी प्रतिवेदनों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया.

परिवार नियोजन अभियान को सफल बनाने पर जोर

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार ने जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों के प्रति जागरूक करने और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा. आशा फैसिलिटेटरों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की सहयोगात्मक निगरानी करने का निर्देश दिया गया.

गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और संस्थागत प्रसव पर फोकस

बैठक में गर्भवती महिलाओं की समय पर प्रसव पूर्व जांच सुनिश्चित करने, नियमित गृह भ्रमण करने और अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विशेष बल दिया गया.

टीबी उन्मूलन शिविर के प्रचार-प्रसार का निर्देश

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने 23 जुलाई को आयोजित होने वाले प्रखंड स्तरीय टीबी उन्मूलन शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से समुदाय को यक्ष्मा के लक्षण, कारण, बचाव और समय पर जांच व उपचार के प्रति जागरूक करने की अपील की.

बैठक में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक तारकेश्वर उपाध्याय, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक शिवानंद पांडेय, आरआई नोडल पदाधिकारी अंकित कुमार, प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक रिंकू कुमारी, डाटा ऑपरेटर तबरेज अंसारी, एएनएम एवं आशा फैसिलिटेटर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pankaj singh

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >