Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के मलिक सराय गांव में सोमवार की शाम मानवता और वन्यजीव प्रेम की मिसाल देखने को मिली. कुत्तों के झुंड से घिरे एक हिरण को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बचा लिया. हमले में हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अपने साथ ले गयी.
खेत की ओर जा रहे ग्रामीण की पड़ी नजर ग्रामीण बिट्टू सिंह ने बताया कि सोमवार शाम वह अपने खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गांव के पश्चिम स्थित नहर के पास उनकी नजर एक हिरण पर पड़ी, जिस पर डेढ़ दर्जन से अधिक कुत्ते हमला कर रहे थे. कुत्ते हिरण को चारों तरफ से घेरकर बुरी तरह काट रहे थे.
अकेले प्रयास में नहीं मिली सफलता, फिर जुटे ग्रामीण बिट्टू सिंह ने अकेले हिरण को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों की संख्या अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सके. इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर गांव के लोगों को मौके पर बुलाया. सूचना मिलते ही कई ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कुत्तों को वहां से भगाया.
गंभीर रूप से घायल हिरण को पहुंचाया सुरक्षित स्थान ग्रामीणों ने बताया कि कुत्तों के हमले से हिरण बुरी तरह घायल हो गया था. लोगों ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पानी व भोजन उपलब्ध कराया. इसके बाद वन विभाग को घटना की जानकारी दी गयी.
वन विभाग ने हिरण को लिया कब्जे में, इलाज जारी सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मलिक सराय गांव पहुंची और घायल हिरण को अपने साथ ले गयी. वन विभाग के कर्मियों ने उसका उपचार कराने की बात कही है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के संकट में होने की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी जान बचाई जा सके.
