अधौरा. राज्य संपोषित उच्च विद्यालय अधौरा में छात्राओं से झाड़ू लगवाने का मामला प्रकाश में आया है. विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्राएं अनन्या कुमारी व आकृति कुमारी का क्लास रूम में झाड़ू लगाते वीडियो सामने आया है. हालांकि, प्रभात खबर इस वीडियो को पृष्ठी नहीं करता है. बताया जाता है कि उसी दौरान एक सहायक शिक्षक क्लास रूम में पहुंचे, जहां उन्होंने दो छात्राओं को झाड़ू लगाते देखा. शिक्षक द्वारा पूछे जाने पर छात्राओं ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक विमलेश कुमार के कहने पर वे सफाई कर रही हैं. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छात्राएं क्लास रूम की सफाई कर रही हैं. जबकि विद्यालय में सफाईकर्मी की बहाली भी की गयी है. इसके बावजूद विद्यालय में सफाई का काम छात्राओं से ही कराया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में प्रधानाध्यापक की मनमानी से लोग परेशान हैं. मामले को लेकर अभिभावकों व ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है.
अधौरा हाइस्कूल में छात्राओं से झाड़ू लगवाने का वीडियो वायरल
राज्य संपोषित उच्च विद्यालय अधौरा में छात्राओं से झाड़ू लगवाने का मामला प्रकाश में आया है.
