Kaimur News : रामगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शनिवार को स्थानीय पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान सड़क से गुजर रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजातों की जांच की गयी. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहन चालकों से कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
आरसी, लाइसेंस और इंश्योरेंस की हुई जांच
वाहन जांच के दौरान पुलिस जवानों ने चालकों से आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, फिटनेस सहित अन्य जरूरी कागजातों की जांच की. दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट की भी जांच की गयी. कागजातों में कमी या यातायात नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन चालकों का चालान काटकर जुर्माना वसूला गया.
बिना हेलमेट वालों से 12 हजार रुपये जुर्माना
पुलिस के अनुसार जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों से 12 हजार रुपये, बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने वालों से 6 हजार रुपये और ट्रिपल लोडिंग के मामले में 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते नजर आये चालक
पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही. जांच अभियान के दौरान कई वाहन चालक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए रास्ता बदलते हुए भी नजर आये. पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी.
सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखने की अपील की. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर आगे भी विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान जारी रहेगा.
