कैमूर: मोहनियां चेकपोस्ट पर ट्रक चालक का हाईवोल्टेज ड्रामा: खुद को आग लगाने की कोशिश, जांच स्थल जाम करने पर गिरफ्तार

मोहनियां समेकित जांच चौकी पर ट्रक चालक ने जांच का विरोध करते हुए हंगामा किया और आग लगाने की धमकी दी. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

Kaimur News: जिले के मोहनियां स्थित समेकित जांच चौकी पर शुक्रवार को वाहन जांच के दौरान एक ट्रक चालक ने जमकर हंगामा किया. चालक ने जांच स्थल और वहां तैनात कर्मियों को फर्जी बताते हुए न केवल कागजात दिखाने से इनकार कर दिया, बल्कि ट्रक को बीच सड़क पर खड़ा कर आवागमन भी बाधित कर दिया. स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उसने कथित तौर पर खुद को और वाहन को आग के हवाले करने का प्रयास किया. मामले में क्षेत्रीय परिवहन पदाधिकारी (आरटीओ) चैतन्य कुमार की लिखित शिकायत पर मोहनियां थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

जांच टीम को फर्जी बताया, आत्मदाह के प्रयास का आरोप

आरटीओ द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे परिवहन विभाग की टीम समेकित जांच चौकी पर वाहनों के कागजातों की नियमित जांच कर रही थी. इसी दौरान नगालैंड नंबर के ट्रक (NL01AH-3100) को रोका गया. जांच पदाधिकारियों ने जब वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक सूरज कुमार (निवासी बेनीगो, औरंगाबाद) और उसके सहयोगी नीरज कुमार उग्र हो गए. चालक ने जांच स्थल को अवैध बताते हुए कर्मचारियों पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया. उसने जांच चौकी के मुख्य मार्ग पर ट्रक खड़ा कर दिया और चेतावनी दी कि वह न तो अपनी गाड़ी की जांच कराएगा और न ही दूसरों की जांच होने देगा. आरोप है कि उसने कर्मियों को फंसाने की नीयत से वाहन और खुद पर आग लगाने की कोशिश भी की.

सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा, ट्रक को पार्किंग में कराया खड़ा

चालक के इस अप्रत्याशित रवैये से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य वाहनों का परिचालन बाधित होने लगा. हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और जांच दल ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और चालक को शांत कराकर ट्रक को मुख्य मार्ग से हटाकर पार्किंग स्थल में सुरक्षित खड़ा कराया. इसके बाद आरटीओ ने मोहनियां थाने में नामजद आवेदन देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून हाथ में लेने का केस दर्ज कराया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, चालक ने लगाया पिटाई का आरोप

घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से प्रसारित होने लगा, जिसमें चालक चेकपोस्ट कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाता दिख रहा है. वीडियो में चालक यह कहता नजर आ रहा है कि यदि गाड़ी ओवरहाइट थी तो उसका चालान काटा जाना चाहिए था, लेकिन उसके साथ हाथापाई क्यों की गई. हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.

आरटीओ की शिकायत पर चालक गिरफ्तार, जांच जारी

मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि समेकित चेकपोस्ट पर हंगामा करने और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने के मामले में आरटीओ द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर आरोपी चालक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से तकनीकी व कानूनी जांच की जा रही है.

Also Read: कैमूर के रामगढ़ में 4 दिन से लापता 16 वर्षीय किशोर का धान के खेत में मिला शव: घास काटने निकली मां की पड़ी नजर, मचा कोहराम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >