Kaimur traffic police: यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रामगढ़ पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हुई जांच के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 वाहन चालकों से कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला.
मोहनिया-बक्सर मुख्य पथ पर हुई वाहनों की जांच
पुलिस ने मोहनिया-बक्सर मुख्य पथ पर थाना के सामने नदी पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान सड़क से गुजरने वाले दोपहिया समेत अन्य वाहनों को रोककर आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, फिटनेस सहित आवश्यक कागजातों की जांच की गयी. दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट की भी जांच की गयी.
17 वाहनों का चालान काटा
जांच के दौरान कागजात में कमी और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. कुल 17 वाहन चालकों का चालान काटकर उनसे 23 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. पुलिस की अचानक सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही. कई चालक जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते भी नजर आए.
बिहार की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा. पुलिस के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है.
